जालंधर में नगर कीर्तन के पोस्टर फाड़ने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जालंधर में धार्मिक आयोजन से संबंधित नगर कीर्तन के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को सेंट्रल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब में होने वाले नगर कीर्तन के पोस्टर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फाड़ दिए गए थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी तक पहुंची। एसीपी सेंट्रल राजेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे गुरुद्वारा साहिब, सेंट्रल टाउन के जनरल सेक्रेटरी गुरमीत सिंह बिट्टू को फोन के जरिए सूचना मिली कि नगर कीर्तन के पोस्टर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फाड़ दिए हैं। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर-4 के प्रभारी अजमेर लाल ने इस संबंध में केस दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी टीम की मदद से आरोपी की पहचान स्वातम सोनी पुत्र राजिंदर सोनी के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।एसीपी राजेश ठाकुर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जालंधर में नगर कीर्तन के पोस्टर फाड़ने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 06:56 IST
जालंधर में नगर कीर्तन के पोस्टर फाड़ने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग #VaranasiLiveNews
