Yadvinder Goma News: जलाड़ी जनसभा में भाजपा पर बरसे मंत्री गोमा, जयसिंहपुर के लिए कई विकास योजनाओं का एलान

जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के जलाड़ी में आयोजित जनसभा में कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए क्षेत्र के लिए कई विकास योजनाओं और नई परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। स्थानीय लोगों ने मंत्री यादविंद्र गोमा का ठेहड़ू से जलाड़ी तक ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा के बाद आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए गोमा ने राम मंदिर ट्रस्ट और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों पर भी सवाल उठ रहे हैं और केंद्र सरकार आम लोगों की समस्याओं से ध्यान भटका रही है। मंत्री ने कहा कि टरिंडा सड़क का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष निर्माण के लिए करीब नौ लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नवंबर से पहले शेष कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोसरी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी को आयुर्वेदिक अस्पताल में अपग्रेड किया गया है, जिसके निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अस्पताल बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। गोमा ने कहा कि प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने के बाद पालमपुर–सरीमोलग वाया जलाड़ी–कोसरी बस सेवा दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द डायलिसिस यूनिट भी शुरू होगी। मंत्री ने खेल मैदान के विकास के लिए विधायक निधि से राशि देने, कृष्ण महिला मंडल ठेहड़ू को 20 हजार रुपये देने तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसरी की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि जयसिंहपुर कॉलेज में बीसीए और पीजीडीसीए पाठ्यक्रम शुरू हो चुके हैं तथा भविष्य में टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी कोर्स शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। गोमा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 'चिट्टा मुक्त हिमाचल' अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने लोगों से नशा तस्करी की सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को देने का आग्रह किया। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Yadvinder Goma News: जलाड़ी जनसभा में भाजपा पर बरसे मंत्री गोमा, जयसिंहपुर के लिए कई विकास योजनाओं का एलान #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 07:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Yadvinder Goma News: जलाड़ी जनसभा में भाजपा पर बरसे मंत्री गोमा, जयसिंहपुर के लिए कई विकास योजनाओं का एलान #VaranasiLiveNews