पछुआ हवाओं के साथ बदला मौसम का मिजाज, धूप को तरसे ग्रामीण; VIDEO
टांडा कला क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मौसम के मिजाज में आए बदलाव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। रविवार की रात से चल रही तेज पछुआ हवाओं और आसमान में बादलों की आवाजाही के चलते ग्रामीण खिली हुई धूप का आनंद नहीं ले पा रहे हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि तापमान में गिरावट के बावजूद गलन और अत्यधिक ठंड से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। रविवार रात्रि को चली तेज पछुआ हवाओं के कारण सोमवार को सड़कों पर पतझड़ जैसा दृश्य देखने को मिला। तेज हवा के झोंकों से पेड़ों के सूखे और कीड़े लगे पत्ते टूटकर सड़कों पर बिखर गए। सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन कोहरा नदारद रहा। इसके बाद सोमवार की रात भी पछुआ हवाओं का वेग बना रहा, जिससे सुबह सड़कों पर पत्तों का अंबार दिखाई दिया। मंगलवार सुबह करीब 5:00 बजे से ही क्षेत्र में घना कोहरा और धुंध छाने लगी। सुबह 8:00 बजे भगवान भास्कर ने बादलों और कोहरे की ओट से निकलने का प्रयास किया, लेकिन उनकी किरणें बेअसर रहीं। दिनभर आसमान में बादलों का डेरा जमा रहने और धुंध के कारण धूप काफी हल्की रही, जिससे लोग गुनगुनी धूप का आनंद नहीं ले सके। मौसम के इस बदलते स्वरूप को लेकर किसान फिलहाल निश्चिंत नजर आ रहे हैं। स्थानीय किसान इंद्रजीत पांडे ने बताया कि वर्तमान मौसम का फसलों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद वातावरण में गर्माहट बनी हुई है और गलन वैसी नहीं है जैसी पिछले दिनों थी। शाम तक कोहरे की धुंध बनी रही, लेकिन किसान इसे फसल के लिए नुकसानदेह नहीं मान रहे हैं। कुछ उत्तर से लेकर पछुआ हवा चल रहा है।
पछुआ हवाओं के साथ बदला मौसम का मिजाज, धूप को तरसे ग्रामीण; VIDEO #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 22, 2026, 12:29 IST
पछुआ हवाओं के साथ बदला मौसम का मिजाज, धूप को तरसे ग्रामीण; VIDEO #VaranasiLiveNews
