VIDEO: मुसीबत: डिब्बे में डीजल पर रोक, किसी की सिंचाई तो किसी का रोजगार प्रभावित
श्रावस्ती/गिरंट बाजार/गिलौला। अफवाहों के बीच तराई में डीजल-पेट्रोल के किल्लत की समस्या अब विकराल रूप ले रही है। शुक्रवार को जिले के विभिन्न टंकियों पर सुबह-सुबह ही डीजल-पेट्रोल लेने वालों की भीड़ देखने को मिल। इस दौरान कई टंकियों के संचालकों ने तेल खत्म होने की बात कहकर लोगों में फैली अफवाह को बल दे दिया, इससे लोगों में अफरातफरी का माहौल रहा। कई उपभोक्ताओं ने टंकी संचालकों पर कालाबाजारी के लिए डीजल-पेट्रोल होने के बाद भी तेल खत्म होने की बात कहने का भी आरोप लगाया। टंकियों पर जिला प्रशासन का हवाला देकर किसानों को डिब्बे में डीजल नहीं दिया गया, इससे किसानों में आक्रोश रहा। प्रस्तुत है एक रिपोर्ट उपभोक्ताओं ने लगाया कालाबाजारी का आरोप गिरंट क्षेत्र के हिन्दुस्तान पेट्रोलियम महरू मुर्तिहा पर शुक्रवार की सुबह डीजल-पेट्रोल खत्म होने की बात कही गई। दर्जनों बाइक सवार पेट्रोल मिलने की संभावना में पंप व पंपा के पास खड़े होकर इंतजार करते नजर आए। चोगोंई निवासी चिरकू ने बताया कि सुबह ही आ गए थे लेकिन कह रहे तेल नहीं है। वहीं, महरू मुर्तिहा निवासी महबूब व सन्तोष कुमार ने बताया कि टंकी बंद है और कोई कुछ सही नहीं बता रहा है। खान फिलिंग स्टेशन गिरंट पर भी डीजल-पेट्रोल खत्म होने की बात कही गई। यहां भी दो दर्जन से अधिक लोग तेल मिलने का इंतजार करते दिखे। खान फिलिंड सेंटर पर उपभोक्ताओं ने तेल होने के बाद भी कालाबाजारी व मनमानी के लिए तेल खत्म होने की बात कहने का आरोप लगाया। भारी भीड़, थाना प्रभारी के आने पर बंटा तेल लालपुरवा स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर सुबह से ही बाइक व चार पहिया वाहनों में तेल भरवाने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। संचालक ने भारी भीड़ देख तेल वितरण नहीं किया और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने भीड़ को काबू किया और लाइन लगवाकर तेल वितरण शुरू करवाया। वितरण के दौरान यहां भारी अफरातफरी व तनातनी का माहौल दिखा। बाइक को पांच, ट्रैक्टर को 20 तो ट्रक को 50 लीटर तेल गिलौला स्थित आनंद अटोमोबाइल्स पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल के लिए बाइक के साथ-साथ ट्रैक्टर व ट्रकों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। इस दौरान बौद्ध परिपथ पर जाम की स्थिति बन गई और पुलिस तैनात करनी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में पंप पर बाइक सवारों को पांच से आठ लीटर, ट्रैक्टर में 20 और ट्रक में 50 लीटर डीजल दिया गया। मैनेजर अरुण कुमार सिंह ने बताया की 12000 लीटर डीजल व 10000 लीटर पेट्रोल की बिक्री सुबह हो चुकी है। 5000 लीटर डीजल व 4000 लीटर पेट्रोल बचा है। दूसरी खेप आ रही है, लोगों को अफवाह से बचने की जरूरत है। डिब्बे में तेल नहीं, किसी की सिंचाई तो किसी का रोजगार रुका गिलौला स्थित पंप पर डिब्बे में डीजल देने से मना कर दिया गया, इसे छोटे किसान व रोजगार करने वाले लोग परेशान दिखे। गिलौला कस्बा निवासी रामतेज ने बताया कि वो गन्ने का जूस बेचकर परिवार चलाते हैं। पांच लीटर डीजल लेना था लेकिन नहीं मिला। सिसवारा निवासी पंकज ने बताया कि उन्हें गन्ने की सिंचाई करनी है, इंजन खेत में खड़ा है लेकिन तेल नहीं मिला। चंद्रावा निवासी रोहन ने बताया कि उन्हें आंटा चक्की चलाने के लिए छह लीटर डीजल चाहिए लेकिन तीन दिन से दौड़ रहे हैं डीजल नहीं मिल रहा। बंतवारा गांव निवासी चीमा ने बरसीन के लिए डीजल की आवश्यकता बताई। पंप मैनेजर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि डीएसओ के आदेश पर डिब्बे में डीजल व पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है।
VIDEO: मुसीबत: डिब्बे में डीजल पर रोक, किसी की सिंचाई तो किसी का रोजगार प्रभावित #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 16:34 IST
VIDEO: मुसीबत: डिब्बे में डीजल पर रोक, किसी की सिंचाई तो किसी का रोजगार प्रभावित #VaranasiLiveNews
