Una Weather: तेज तूफान और बारिश में आम के पेड़ की विशाल टहनी गिरी, बड़ा हादसा टला
अंब उपमंडल की ग्राम पंचायत सूरी में सोमवार सुबह तेज तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। रिहायशी मकान के बिल्कुल पास खड़े वर्षों पुराने आम के पेड़ की एक विशाल शाखा अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई। संयोगवश उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या पशुधन का नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण पेड़ की भारी शाखा टूटकर गिरी और यदि यह मकान या किसी व्यक्ति पर गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय निवासी सुदर्शन ठाकुर ने बताया कि पेड़ काफी पुराना है और इसकी कई शाखाएं पहले से कमजोर हो चुकी थीं। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में काफी पहले वन विभाग के स्थानीय अधिकारी से लेकर डीएफओ तक को लिखित शिकायत देकर पेड़ की छंटाई या आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। सुदर्शन ठाकुर ने कहा कि यदि समय रहते विभाग कार्रवाई करता तो यह स्थिति नहीं बनती। उन्होंने बताया कि पेड़ की अन्य शाखाएं भी मकान की ओर झुकी हुई हैं, जिससे भविष्य में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने कहा कि बरसात और तेज हवाओं के मौसम में पुराने और कमजोर पेड़ों का सर्वे कर समय रहते उनकी छंटाई या हटाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में ऐसे सभी जोखिम वाले पेड़ों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग उठाई है। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक बड़ा हादसा टलने जैसा मामला है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।
Una Weather: तेज तूफान और बारिश में आम के पेड़ की विशाल टहनी गिरी, बड़ा हादसा टला #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 10:06 IST
Una Weather: तेज तूफान और बारिश में आम के पेड़ की विशाल टहनी गिरी, बड़ा हादसा टला #VaranasiLiveNews
