सोनीपत में ड्रेन के फ्लाईओवर की मरम्मत से जीटी रोड पर बदली यातायात व्यवस्था, सर्विस रोड से निकल रहे वाहन
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) पर प्याऊ मनियारी स्थित ड्रेन नंबर-8 पर फ्लाईओवर की मरम्मत के चलते वाहन चालकों को तीन से चार दिन तक बदली हुई यातायात व्यवस्था के बीच सफर करना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से फ्लाईओवर पर दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाली सड़क पर मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है। इसके चलते मुख्य मार्ग से वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर उन्हें सर्विस रोड के माध्यम से निकाला जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत होगी। फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना यातायात पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे में पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशानुसार यातायात पुलिस की ओर से वाहनों को व्यवस्थित तरीके से सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जा रहा है। मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि मरम्मत कार्य के साथ-साथ यातायात भी सुचारू बना रहे। पुलिस उपायुक्त सोनाक्षी सिंह ने बताया कि ड्रेन नंबर-8 फ्लाईओवर पर चल रहा मरम्मत कार्य पूरा होने में लगभग तीन से चार दिन का समय लग सकता है। इस दौरान दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित सर्विस रोड का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने कहा कि डायवर्जन के दौरान वाहन चालक जल्दबाजी में ओवरटेक करने का प्रयास न करें। निर्धारित लेन में रहकर ही वाहन चलाएं और यातायात पुलिस की ओर से दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। ओवरटेक करने से बचें वाहन चालक डीसीपी ने वाहन चालकों से अपील की कि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी न करें। सर्विस रोड पर वाहन चलाते समय उचित दूरी बनाए रखें और अपनी लेन में ही चलें। विशेष रूप से भारी वाहन चालक दूसरे वाहनों को रास्ता देने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों के सहयोग से ही मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है। फ्लाईओवर की मरम्मत पूरी होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।
सोनीपत में ड्रेन के फ्लाईओवर की मरम्मत से जीटी रोड पर बदली यातायात व्यवस्था, सर्विस रोड से निकल रहे वाहन #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 30, 2026, 12:01 IST
सोनीपत में ड्रेन के फ्लाईओवर की मरम्मत से जीटी रोड पर बदली यातायात व्यवस्था, सर्विस रोड से निकल रहे वाहन #VaranasiLiveNews
