धार्मिक स्थलों और स्कूल के पास शराब की दुकान का विरोध
धार्मिक स्थलों और स्कूल के पास शराब की दुकान का विरोध ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, दुकान न खुलने देने की मांग अंबेडकरनगर। बेवाना क्षेत्र के मुसईतपुर गांव में प्रस्तावित देशी शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित दुकान के निकट कई प्रमुख धार्मिक स्थल एवं एक प्राथमिक विद्यालय स्थित है। दुकान से करीब 10 मीटर की दूरी पर श्मशान घाट, 50 मीटर पर बाल बाबा ब्रह्मस्थान, 150 मीटर पर शहीद बाबा देवस्थान, 180 मीटर पर स्वयंभू झारखंडेश्वर महादेव मंदिर, 200 मीटर पर संकट मोचन हनुमान मंदिर तथा लगभग 250 मीटर की दूरी पर प्राथमिक विद्यालय मौजूद है। ऐसे में यहां शराब की दुकान संचालित होना जनभावनाओं के विपरीत है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुकान को जल्दबाजी में आवंटित किया गया है और इसे एक आवासीय भवन में संचालित करने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि इससे महिलाओं, बच्चों और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा तथा क्षेत्र की शांति और सामाजिक वातावरण प्रभावित हो सकता है। वेदमणि तिवारी ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के निकट शराब की दुकान खोले जाने से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। उत्कर्ष तिवारी ने कहा कि दुकान खुलने से बहन-बेटियों की सुरक्षा और सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। वहीं सभाजीत मौर्य ने बच्चों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव की आशंका जताई, जबकि सुनील तिवारी ने धार्मिक स्थलों के समीप शराब की दुकान खोले जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आगे व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे। डीएम कार्यालय की ओर से ग्रामीणों को मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
धार्मिक स्थलों और स्कूल के पास शराब की दुकान का विरोध #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 23, 2026, 15:14 IST
धार्मिक स्थलों और स्कूल के पास शराब की दुकान का विरोध #VaranasiLiveNews
