बलुआ पुल से किशोरी गंगा नदी में गिर गई, मल्लाहों ने बचाई जान; VIDEO
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के पश्चिम वाहिनी घाट के पास एक बड़ा हादसा टल गया। दोपहर के समय बलुआ पुल से लगभग 16 वर्षीय एक किशोरी गंगा नदी में गिर गई। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने किशोरी के गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर तुरंत आसपास मौजूद मल्लाहों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मल्लाहों की कुछ टीमें बिना समय गंवाए अपनी नावों के साथ गंगा में उतरीं। तेज बहाव के बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए किशोरी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। कड़ी मशक्कत के बाद मल्लाहों ने किशोरी को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला और घाट पर पहुँचाया। उस समय किशोरी पानी पी लेने के कारण घबराई हुई थी और ठीक से बात करने की स्थिति में नहीं थी। घाट पर मौजूद लोगों द्वारा पूछताछ करने पर किशोरी अपना नाम या गांव की जानकारी नहीं दे पाई। हालांकि, होश में आने पर उसने बताया कि वह स्वयं पुल से गंगा में गिर गई थी। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने किशोरी को अपनी सुरक्षा में लिया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। किशोरी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बलुआ पुल पर ऐसी घटनाएँ नई नहीं हैं। उनका कहना है कि कुछ महीनों के अंतराल पर लोग दुर्घटनावश या आत्मघाती प्रयास के कारण गंगा में गिरते रहते हैं। पुल पर न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही कोई सुरक्षा जाली या बैरिकेडिंग लगाई गई है, जिससे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से बलुआ पुल पर रोशनी, सुरक्षा जाली और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और किसी की जान जोखिम में न पड़े। इस घटना में मल्लाहों की तत्परता और साहस ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। थाना प्रभारी अतुल कुमार बताया कि किशोरी को बचा लिया गया है आगे की कार्यवाही किया जा रहा है।
बलुआ पुल से किशोरी गंगा नदी में गिर गई, मल्लाहों ने बचाई जान; VIDEO #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 22, 2026, 12:29 IST
बलुआ पुल से किशोरी गंगा नदी में गिर गई, मल्लाहों ने बचाई जान; VIDEO #VaranasiLiveNews
