Rampur Bushahr: तकलेच-राजपुरा सड़क की टारिंग पर सवाल, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग
रामपुर उपमंडल की 12/20 घाटी और रोहड़ू को जोड़ने वाले तकलेच-राजपुरा मार्ग पर हुए टारिंग कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर हुई टारिंग एक माह के भीतर ही कई स्थानों से उखड़ गई है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तकलेच पंचायत के प्रधान सुनील कायथ ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि सड़क की टारिंग निर्धारित समय से पहले ही उखड़ने लगी, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका पैदा होती है। उन्होंने कहा कि विरोध के बाद विभाग अब पैचवर्क कर रहा है, जबकि शुरुआत से ही गुणवत्ता के साथ कार्य किया जाता तो ऐसी स्थिति नहीं आती। उन्होंने कहा कि सेब सीजन अभी शुरू ही हुआ है और यदि भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ी तो सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने मांग की कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जिला परिषद सदस्य नरैण रॉनी राणा ने भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि संबंधित विभाग ने जल्द उचित कदम नहीं उठाए तो पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के लोग सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
Rampur Bushahr: तकलेच-राजपुरा सड़क की टारिंग पर सवाल, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 16:46 IST
Rampur Bushahr: तकलेच-राजपुरा सड़क की टारिंग पर सवाल, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग #VaranasiLiveNews
