साल्हावास: झज्जर की बेटी मनु भाकर बनीं एशियन गेम्स 2026 में भारत की ध्वजवाहक
साल्हावास। क्षेत्र के गांव गोरिया की बेटी ओलंपिक में दोहरा कांस्य पदक विजेता मनु भाकर को शनिवार एक और बड़ा सम्मान मिला है। जापान के आईची-नागोया शहर में एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल की अगुआई स्टार शूटर मनु भाकर और दिग्गज कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने हाथों में तिरंगा थामकर की। बेटी के एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी में मनु भाकर के हाथों में तिरंगा देखकर क्षेत्र में खुशी की लहर है। मनु भाकर ने एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी में ध्वजवाहक बनने पर कहा कि ''सच कहूं तो, जब मुझे कल पता चला (फ्लैग बियरर बनाए जाने का) तो मुझे अपने शुरुआती दिनों की सारी यादें ताजा हो गईं। आप जानते हैं, जब मैंने शुरुआत की थी, तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मैं अपने खेल में इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगी। इसलिए, यह वाकई बहुत ही खुशी का पल है। मुझे अपने देश के ध्वजवाहक के रूप में चुने जाने पर बहुत गर्व, सम्मान और खुशी महसूस हो रही है। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं और सभी को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। गौरतलब है कि मनु भाकर पेरिस ओलंपिक 2024 में दोहरा कांस्य पदक जीतकर स्वतंत्र भारत में एक ही ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली एथलीट बनीं, पहली भारतीय महिला शूटर जिसने ओलंपिक में मेडल जीता। एशियन गेम्स 2022 में 25 मीटर पिस्टल टीम में स्वर्ण, कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में स्वर्ण और रिकॉर्ड, यूथ ओलंपिक 2018 में स्वर्ण पदक जीता। 16 साल की उम्र में वर्ल्ड कप गोल्ड जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी हैं। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय सम्मान-मेजर ध्यानचंद खेल रत्न 2024 और अर्जुन अवार्ड व भीम अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका हैं। 2018 में ओपनिंग सेरेमनी में नहीं पहुंच पाई थीं भाकर मनु भाकर ने बताया कि 2018 एशियन गेम्स के दौरान वह 16 साल की थीं। वह ओपनिंग सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाई थीं, क्योंकि वह जकार्ता में खेल गांव से दूर पालेमबांग में रह रही थीं। इसके बाद उनके कोच और शूटिंग के दिग्गज जसपाल राणा ने उन्हें सलाह दी कि जब तक वह ध्वजवाहक न हों, तब तक ऐसे समारोहों में शामिल न हों, क्योंकि उनकी प्रतियोगिताओं से पहले शारीरिक चुनौतियां काफी अधिक होती हैं।
साल्हावास: झज्जर की बेटी मनु भाकर बनीं एशियन गेम्स 2026 में भारत की ध्वजवाहक #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 19, 2026, 16:48 IST
साल्हावास: झज्जर की बेटी मनु भाकर बनीं एशियन गेम्स 2026 में भारत की ध्वजवाहक #VaranasiLiveNews
