Rampur Bushahr: हाइब्रिड टमाटर की खेती की तैयारियों में जुटे शलाटी घोड़ी के युवा
उपमंडल रामपुर की भड़ावली पंचायत में ग्राम सुधार कमेटी ने युवाओं की कृषि क्षेत्र से आर्थिकी मजबूत करने के लिए अभियान छेड़ा है। कमेटी क्षेत्र के किसानों को हाइब्रिड टमाटर हिमसोना की खेती के लिए प्रति किसान 100 पौधे उपलब्ध करवा रही है। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को 50 पौधे कमेटी निशुल्क देगी। ग्राम सुधार कमेटी शलाटी के अध्यक्ष तिलक राज खिमटा ने कहा कि हिमसोना किस्म के टमाटर के पौधे मांग अनुसार सोलन से मंगवाए गए हैं। इच्छुक किसानों के लिए 5000 हजार पौधों की डिमांड की गई है। किसानों को सस्ते दरों पर टमाटर के पौधे मुहैया करवाए जा रहे हैं। कहा कि किसान को कम से कम 100 पौधे लगाना आवश्यक है, जिससे किसान कम से कम 50 हजार तक आय अर्जित कर सकता है। 100 पौधों के साथ ग्राम सुधार कमेटी की तरफ से एक पैकेट अर्ली किस्म खीरे का बीज और कीटों से बचाव की दवा भी दी जाएगी। कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि कोई किसान आर्थिक स्थिति से पौधे खरीदने की स्थिति में नहीं है और वह खेती पर ही निर्भर है, तो भी उन किसानों को कमेटी की ओर से फिलहाल 50 पौधे निशुल्क दिए जाएंगे। साथ ही कृषि विभाग की ओर से संबंधित किसानों को टमाटर की खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अध्यक्ष तिलक राज खिमटा ने कहा कि कई साल से बागवानों पर मौसम की मार पड़ रही है। सेब सहित गुठलीदार फलों के उत्पादन में प्राकृतिक आपदा का कहर बरपा है। ऐसे में कमेटी ने बीते दिनों हुई बैठक में किसानों की आय बढ़ोतरी को लेकर यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि सेब और गुठलीदार फलों पर ही किसान-बागवान निर्भर न रहे। प्राकृतिक खेती अपनाकर सब्जियों का उत्पादन करें, जिससे उनकी वार्षिक आय में वृद्धि हो।
Rampur Bushahr: हाइब्रिड टमाटर की खेती की तैयारियों में जुटे शलाटी घोड़ी के युवा #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 22, 2026, 11:39 IST
Rampur Bushahr: हाइब्रिड टमाटर की खेती की तैयारियों में जुटे शलाटी घोड़ी के युवा #VaranasiLiveNews
