जींद के नरवाना में दुकानदार को धमकी देने वाला मुख्य आरोपी घायल हालत में गिरफ्तार, व्यापारी के सामने मंगवाई माफी
वीरवार सुबह धौलां कुआं स्थित पुराना बाजार में दुकानदार सौरभ गर्ग को धमकी और फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हर्पित मोर को भी पुलिस दुकानदार के समक्ष लेकर पहुंची। इस दौरान घायल आरोपी हर्पित मोर से दुकानदार के सामने माफी मंगवाई गई और उसकी पहचान भी करवाई गई। आरोपी के पैर में चोट लगी होने के कारण उसे पुलिस सुरक्षा में उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना लाया गया था। गौरतलब है कि पुराना बाजार स्थित प्रताप मल फकीरचंद करियाना दुकान के संचालक सौरभ गर्ग को सोमवार सुबह जान से मारने की धमकी देने और फिरौती मांगने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना और सीआईए टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी दबलैन माइनर के आसपास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी हर्पित मोर भागने लगा, लेकिन भागते समय उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। उसके साथ कोयल निवासी अंकुश और अभिषेक को भी राउंडअप किया गया। शहर थाना प्रभारी पूर्णदास ने बताया कि पीड़ित व्यापारी सौरभ गर्ग पर करीब एक वर्ष पहले भी फायरिंग हुई थी। उस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी का सगा भतीजा हर्पित मोर अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और व्यापारी को धमकाने के साथ फिरौती मांगने की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पास हथियार होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जींद के नरवाना में दुकानदार को धमकी देने वाला मुख्य आरोपी घायल हालत में गिरफ्तार, व्यापारी के सामने मंगवाई माफी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 14:56 IST
जींद के नरवाना में दुकानदार को धमकी देने वाला मुख्य आरोपी घायल हालत में गिरफ्तार, व्यापारी के सामने मंगवाई माफी #VaranasiLiveNews
