Hamirpur: शिवपुरी धाम समताना में चहुं ओर गूंजी ॐ नमः शिवाय की मंत्र ध्वनि

बड़सर उपमंडल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवपुरी धाम समताना में महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को असीम श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने पूरी रात जगकर भगवान शिव और सूर्य देव की पूजा की। विशेष पूजन, पार्थिव शिवलिंग का महारुद्राभिषेक और रुद्री हवन के साथ भगवान शिव को भक्तों ने जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सूर्य देव की लगभग दो घन्टे की विशेष पूजा का आयोजन भी किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने दिनभर भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। धाम में चल रही महाशिवपुराण कथा को विश्राम दिया गया। शाम को श्रद्धालुओं के लिए फलाहार भंडारे की व्यवस्था की गई। महाशिवरात्रि पर चार प्रहर की विशेष पूजा का विधिवत शुभारंभ रात करीब 8 बजे हुआ। तड़के सुबह तक चारों प्रहर में भगवान शिव का भक्तों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। पहले प्रहर के बाद सूर्यदेव की विशेष पूजा की गई। मध्य रात्रि महारुद्राभिषेक और तड़के रुद्री हवन व पूर्णाहुति के साथ विशेष पूजन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ । भक्तों ने भंडारा प्रसाद ग्रहण कर व्रत का उद्यापन किया। धाम के मार्गदर्शक आध्यात्मिक गुरु स्वामी शेखर सुमन के सान्निध्य में भक्तों के लिए विशेष पूजन हवन की व्यवस्था की गई थी। मुख्य आचार्य आशीष शर्मा के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों व पंडितों की टीम ने भक्तों का मार्गदर्शन किया। पूजन व हवन सामग्री भक्तों को आयोजन कमेटी की ओर से उपलब्ध करवाई गई।

Hamirpur: शिवपुरी धाम समताना में चहुं ओर गूंजी ॐ नमः शिवाय की मंत्र ध्वनि #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 16, 2026, 11:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Hamirpur: शिवपुरी धाम समताना में चहुं ओर गूंजी ॐ नमः शिवाय की मंत्र ध्वनि #VaranasiLiveNews