Hamirpur: मेडिकल कॉलेज में अब संक्रमण का खतरा होगा कम, कैश कांउटर सहित ओपीडी कक्ष के बाहर लगी अल्ट्रावॉयलेट लाइट्स
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण और मरीजों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अल्ट्रावॉयलेट (यूवी) लाइट्स लगाई गई हैं। यह पहल अस्पताल परिसर में संक्रमण के खतरे को कम करने और स्वच्छता मानकों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यूवी लाइट्स कैश कांउटर, ओपीडी कक्ष सहित अन्य स्थानों पर लगाई गई हैं। यह लाइट्स हवा और सतहों पर मौजूद बैक्टीरिया व वायरस को निष्क्रिय करती हैं। इससे अस्पताल में फैलने वाले संक्रमण में कमी आने की उम्मीद है। निदेशालय स्वास्थ्य विभाग की ओर से यूवी लाइट्स लगाई हैं। मेडिकल कॉलेज में रोजाना काफी भीड़ रहती है। दैनिक ओपीडी करीब 1500 है। इन लाइट्स से मरीजों व तीमारदारों को लाभ होगा तो वहीं अस्पताल परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों की संक्रमण से सुरक्षा भी मजबूत होगी। टीबी होने की सूरत में कई बार खांसने से संक्रमण हवा में फैल जाता है तथा अन्य व्यक्ति भी संक्रमण से प्रभावित हो सकता है। ये लाइट्स संक्रमण फैलाने वाले किटाणुओं को हवा में ही नष्ट करती हैं। अल्ट्रावॉयलेट लाइट विशेष रूप से यूवीसी किरणें, पारे के वाष्प या एलईडी तकनीक का उपयोग करके विद्युत चुंबकीय विकिरण पैदा करती हैं, जो बैक्टीरिया और वायरस के डीएनए/आरएनए को नष्ट कर देती हैं। यह प्रकाश कीटाणुओं को पुनरुत्पादित करने से रोककर उन्हें निष्क्रिय कर देता है। इनका उपयोग हवा, पानी और सतहों को कीटाणुरहित करने के लिए किया जाता है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की विभिन्न जगहों पर अल्ट्रावॉयलेट लाइट्स लगाई गई हैं। निदेशालय स्वास्थ्य विभाग ने यह सुविधा दी है। हानिकारक बैक्टीरिया, कीटाणुओं नष्ट होते हैं।
Hamirpur: मेडिकल कॉलेज में अब संक्रमण का खतरा होगा कम, कैश कांउटर सहित ओपीडी कक्ष के बाहर लगी अल्ट्रावॉयलेट लाइट्स #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 16, 2026, 11:00 IST
Hamirpur: मेडिकल कॉलेज में अब संक्रमण का खतरा होगा कम, कैश कांउटर सहित ओपीडी कक्ष के बाहर लगी अल्ट्रावॉयलेट लाइट्स #VaranasiLiveNews
