भिवानी: डाकघर में नौकरी लगवाने के नाम पर नौ लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार
डाकघर में नौकरी लगवाने के नाम पर नौ लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। बवानीखेड़ा पुलिस थाना में बवानीखेड़ा निवासी मोहित ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसकी जान पहचान विनोद नामक व्यक्ति से हुई थी। विनोद ने उसे बताया कि उसके पिता के माध्यम से वह उसे डाकघर में नौकरी लगवा सकता है। आरोपी पिता-पुत्र ने इस बहाने शिकायतकर्ता से अलग-अलग समय पर कुल नौ लाख रुपए ले लिए। बाद में न तो आरोपियों ने उसे नौकरी दिलवाई और न ही उसके पैसे वापस किए। शिकायत के आधार पर थाना बवानी खेड़ा पुलिस थाना में 13 सितंबर 2025 को धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में जिला अनुसंधान इकाई भिवानी के एएसआई राजीव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों धर्मबीर और उसके बेटे विनोद निवासी झांझकलां जींद को भिवानी से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी धर्मबीर खेती-बाड़ी का काम करता है, जबकि विनोद पीवीसी से संबंधित कार्य करता है। विनोद की शिकायतकर्ता मोहित के साथ जान-पहचान थी और उसी के माध्यम से उन्होंने नौकरी लगवाने का झांसा देकर पैसे लिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को वीरवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी धर्मबीर को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं, जबकि आरोपी विनोद को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा धोखाधड़ी से संबंधित अन्य तथ्यों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।
भिवानी: डाकघर में नौकरी लगवाने के नाम पर नौ लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 16:42 IST
भिवानी: डाकघर में नौकरी लगवाने के नाम पर नौ लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
