मोगा में किसानों ने मांगों को लेकर निकाला ट्रैक्टर मार्च

जहां आज पूरे देश में 26 जनवरी का गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर संयुक्त किसान मोर्चा के फैसले के अनुसार किसानों ने मोगा जिले में गांव-गांव ट्रैक्टर मार्च निकाला। इस ट्रैक्टर मार्च में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया। मार्च के दौरान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर शामिल हुए। किसान नेता इकवाल सिंह ने बताया कि आज संयुक्त किसान मोर्चा के फैसले के अनुसार पूरे पंजाब में ट्रैक्टर मार्च निकला गया। हमारी मांग है कि केंद्र की मोदी सरकार बिजली संशोधन बिल 2025 और बीज बिल 2025 लेकर आ रही है, यदि बिजली संशोधन बिल 2025 लागू किया गया, तो आने वाले समय में हर प्रकार की बिजली सब्सिडी समाप्त हो जाएगी। बिजली के रेटों में भारी बढ़ोतरी होगी और प्री-पेड मीटर लगाए जाएंगे। इसका मतलब यह होगा कि मीटर में पैसे होंगे तभी बिजली चलेगी, अन्यथा बिजली सप्लाई काट दी जाएगी। इसी तरह बीज बिल 2025 के तहत बिना रजिस्ट्रेशन कोई भी व्यापारी या दुकानदार ब्रांडेड बीजों के अलावा अन्य बीज नहीं बेच सकेगा। इससे धीरे-धीरे बड़े कॉर्पोरेट घराने खेती पर पूरी तरह कब्जा कर लेंगे और बीज किसानों की पहुंच से बाहर हो जाएंगे। नेताओं ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने श्रम से संबंधित 29 कानूनों की जगह चार लेबर कोड लागू किए हैं, जो मजदूर वर्ग के लिए घातक हैं। इन कानूनों से बेरोजगारी बढ़ेगी और कर्मचारियों से यूनियन बनाने का अधिकार भी छीन लिया गया है। सरकार ने पुराने मनरेगा कानून को समाप्त कर नया जी-राम-जी कानून लागू कर दिया है, जिससे मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे। इसके अलावा केंद्र सरकार अमेरिका के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करने जा रही है। यदि यह समझौता लागू हुआ तो कृषि क्षेत्र पूरी तरह तबाह हो जाएगा और किसानों की जमीनों पर कॉर्पोरेट घरानों का कब्जा हो जाएगा। आज इन सभी मांगो को लेकर ट्रैक्टर मार्च निकला गया।

मोगा में किसानों ने मांगों को लेकर निकाला ट्रैक्टर मार्च #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jan 26, 2026, 15:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


मोगा में किसानों ने मांगों को लेकर निकाला ट्रैक्टर मार्च #VaranasiLiveNews