VIDEO: पुलिसकर्मी के अभद्रता करने पर भड़के चिकित्सक, जिला अस्पताल में दिया धरना; भटकते रहे मरीज
मैनपुरी जिला अस्पताल के वार्ड ब्वाॅय से अभद्रता करने वाले कोतवाली के मुंशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डाॅक्टर और कर्मचारी मंगलवार सुबह आठ बजे धरने पर बैठ गए। 25 फरवरी को मुंशी द्वारा वार्ड ब्वाॅय से की गई अभद्रता से नाराज कर्मियों ने नारेबाजी कर बताया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार से जिला अस्पताल में पूरी तरह से कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा। डाॅक्टर और कर्मियों के धरने पर बैठने से अस्पताल आने वाले मरीजों को इलाज के लिए एक घंटे इंतजार करना पड़ा। महाराजा तेजसिंह जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में 25 फरवरी की रात साढ़े 11 बजे अचेत अवस्था में एक युवक को भर्ती कराया गया था। कोई भी परिजन साथ न होने के कारण इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात ईएमओ डाॅ. हर्ष दीक्षित ने मीमो भेजकर पुलिस को मामले की सूचना दी। आरोप है कि जब जिला अस्पताल में तैनात वार्ड ब्वाॅय सुशील कुमार रात एक बजे कोतवाली में मीमो लेकर पहुंचा तो ड्यूटी पर तैनात मुंशी अभद्रता करते हुए गाली गलौज करने लगा और मीमो लेने से मना कर दिया। वार्ड ब्वाॅय ने अस्पताल पहुंचकर ईएमओ और उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद दूसरे दिन 26 फरवरी की सुबह सीएमएस डाॅ. धर्मेंद्र कुमार डाॅक्टर और कर्मचारियों के साथ कोतवाली पहुंचे। सीएमएस ने कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया से कार्रवाई की मांग की। 12 दिन बीतने के बाद भी मुंशी के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से नाराज डाक्टर और कर्मचारी मंगलवार सुबह आठ बजे से ओपीडी के बाहर धरने पर बैठ गए। कर्मियों ने मुंशी को लाइन हाजिर किए जाने की मांग की। इस दौरान फार्मासिस्ट शिवमंगल सिंह ने बताया कि कोतवाली में मीमो लेकर जाने वाले कर्मचारियों से पुलिस कर्मी आए दिन अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। यदि संबंधित मुंशी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार से पूरी तरह से कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा। इस मौके पर डाॅ. आरके शुक्ला, डाॅ. डीके शाक्य, डाॅ. अभिषेक सेंगर, चीफ फार्मासिस्ट अवधेश यादव, फार्मासिस्ट प्रताप बहादुर सिंह, उदय प्रताप सिंह, असलम, शिवदत्त सिंह, हरिकिशन शर्मा, विजय तिवारी, पवन कुमार, पुष्पेंद्र, सोनू, महेश बाबू, सुशील कुमार, सुरजीत कुमार, कंचन आदि मौजूद रहे।
VIDEO: पुलिसकर्मी के अभद्रता करने पर भड़के चिकित्सक, जिला अस्पताल में दिया धरना; भटकते रहे मरीज #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 10, 2026, 17:17 IST
VIDEO: पुलिसकर्मी के अभद्रता करने पर भड़के चिकित्सक, जिला अस्पताल में दिया धरना; भटकते रहे मरीज #VaranasiLiveNews
