अयोध्या के रुदौली में पूजन-अर्चन के साथ रौजागांव चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ
अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में रौजागांव चीनी मिल में शनिवार को हवन-पूजन और विधि-विधान के साथ पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना कर नए सत्र की शुरुआत कराई। इस वर्ष मिल में प्रतिदिन 80 हजार कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस मौके पर उप गन्ना आयुक्त संजय गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष 17 नवंबर को पेराई सत्र शुरू हुआ था, जबकि इस बार एक दिन पहले 16 नवंबर को ही शुभारंभ किया गया है। उन्होंने नए सत्र के सफल संचालन की उम्मीद जताई। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि रौजागांव चीनी मिल क्षेत्र के किसानों की आर्थिक रीढ़ है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मिल का सुचारू संचालन और गन्ने का समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वहीं बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि योगी सरकार में गन्ना किसानों का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जा रहा है। गेहूं और धान की खरीद का भुगतान भी किसानों को सीधे मिल रहा है। किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष रविकांत पांडेय ने मिल के नए पेराई सत्र के शुभारंभ पर पूरी यूनिट को बधाई दी। साथ ही प्रदेश सरकार से गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग की। मिल प्रशासन ने किसानों को भरोसा दिलाया कि पेराई सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर जिला मंत्री तेज तिवारी, शिवानंद मिश्रा, मां कामाख्या नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, रुदौली नगर पालिका ईओ प्रेमनाथ, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, किसान यूनियन के प्रदेश सचिव दिनेश दूबे, गन्ना समिति के चेयरमैन निर्मल शर्मा, गन्ना विभागाध्यक्ष बृजपाल, यूनिट हेड सुधीर कुमार, विभिन्न गन्ना समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
अयोध्या के रुदौली में पूजन-अर्चन के साथ रौजागांव चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 16, 2026, 13:16 IST
अयोध्या के रुदौली में पूजन-अर्चन के साथ रौजागांव चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ #VaranasiLiveNews
