सुल्तानपुर में झोपड़ी में मिला 19 वर्षीय लापता युवक का शव, हत्या की आशंका
यूपी के सुल्तानपुर में सोमवार सुबह झोपड़ी के अंदर 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक रविवार देर रात से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी घर से करीब 200 मीटर दूर सामुदायिक शौचालय के पास झोपड़ी में उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके घटना की जानकारी ली। घटना चांदा क्षेत्र के घूरीपुर गांव की है। मृतक की पहचान गांव निवासी अमन गौतम (19) पुत्र रामचरन के रूप में हुई है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर और चांदा थाना प्रभारी राजकुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के अनुसार, अमन रविवार रात करीब 11 बजे घर से लापता हो गया था। देर तक उसके वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह तलाश करते हुए परिजन सामुदायिक शौचालय के पास पहुंचे तो झोपड़ी में उसका शव पड़ा मिला। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। अमन दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता रामचरन और बड़ा भाई अभिषेक मुंबई में रहते हैं। बेटे की मौत की खबर से मां जानकी और बहन लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सीओ ऋतिक कपूर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सुल्तानपुर में झोपड़ी में मिला 19 वर्षीय लापता युवक का शव, हत्या की आशंका #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 16, 2026, 13:16 IST
सुल्तानपुर में झोपड़ी में मिला 19 वर्षीय लापता युवक का शव, हत्या की आशंका #VaranasiLiveNews
