Bilaspur: एडीबी टीम ने बिलासपुर में ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा की, महिला सशक्तिकरण, बैंकिंग व बजट संबंधी चुनौतियों पर की चर्चा

एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की उच्च स्तरीय टीम ने बिलासपुर पहुंचकर ग्रामीण समृद्धि एवं लचीलापन कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने की। इस दौरान ग्रामीण विकास, कृषि आधारित आजीविका, महिलाओं के सशक्तिकरण, सड़क ढांचा, बैंकिंग सेवाओं और विभागीय समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। टीम में वरिष्ठ नेचुरल रिसोर्स विशेषज्ञ सुना किम, सामाजिक विकास विशेषज्ञ आनंद रमेश कुनियार, परियोजना प्रबंधन (कृषि) विशेषज्ञ प्राची शर्मा, एसोसिएट प्रोजेक्ट ऑफिसर नेहा सैनी, कृषि व्यवसाय सलाहकार अर्जुन और वित्त सलाहकार तनुश्री चंद्रा शामिल रहे। जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों की गतिविधियों, प्रगति और चुनौतियों की जानकारी टीम के समक्ष रखी। ग्रामीण विकास विभाग के परियोजना अधिकारी यशपाल ने योजनाओं की कार्यप्रणाली, बजट डिमांड, कार्यान्वयन एवं पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में प्रधानमंत्री धन धान्य योजना के आगामी चरणों, प्रक्रिया, मूल्यांकन मानकों और रणनीति पर भी विशेष चर्चा हुई। टीम ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न ग्रामीण योजनाओं के जमीनी प्रभाव, लाभार्थियों तक पहुंच, डिजाइनिंग और निष्पादन की चुनौतियों का फील्ड स्तर का फीडबैक लिया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि कुछ केंद्रीय योजनाएं हिमाचल की भौगोलिक व सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं हैं, जबकि राज्य सरकार की योजनाएं स्थानीय जरूरतों से अधिक मेल खाती हैं। यही कारण है कि कई केंद्रीय योजनाओं की प्रदेश में अपेक्षित रफ्तार नहीं मिल पा रही। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति, उनका रखरखाव, आवाजाही की चुनौतियां, पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका और विभागीय समन्वय को भी प्रमुखता से उठाया गया। टीम ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, प्रशिक्षण, उत्पादों के विपणन और उपलब्ध सुविधाओं की भी विस्तृत समीक्षा की। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े मुद्दे विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में ऋण उपलब्धता की समस्या और स्थानीय लोगों की ओर से बैंकों में किए जा रहे डिपॉजिट की स्थिति पर भी टीम ने विशेष रुचि दिखाई और संबंधित तथ्यों को जिला प्रशासन से प्राप्त किया। बैठक में समय पर बजट न मिलने, कार्य आदेशों के विलंब और इससे परियोजनाओं के रुकने जैसी समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। एडीबी टीम ने योजनाओं की बेहतर डिजाइनिंग, समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन से विस्तृत इनपुट जुटाए। टीम ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और भविष्य की परियोजनाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए।

Bilaspur: एडीबी टीम ने बिलासपुर में ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा की, महिला सशक्तिकरण, बैंकिंग व बजट संबंधी चुनौतियों पर की चर्चा #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 14, 2025, 15:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Bilaspur: एडीबी टीम ने बिलासपुर में ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा की, महिला सशक्तिकरण, बैंकिंग व बजट संबंधी चुनौतियों पर की चर्चा #VaranasiLiveNews