बहराइच में सड़क हादसे में दूल्हे के भाई व बहनोई की मौत, बिना शादी लौटी बरात

यूपी के बहराइच में बृहस्पतिवार रात करीब 10:15 बजे वजीरगंज-कुंडासर मार्ग पर सड़क हादसा हो गया। हादसे में दूल्हे के भाई और बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची बरात में मातम छा गया। बिना शादी के ही बरात वापस लौट गई। फखरपुर थाना क्षेत्र के समदा बाजार गांव निवासी अमन की शादी हुजूरपुर के गुलरिहा गाजीपुर गांव निवासी रामतेज की बेटी से तय थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम बरात रवाना हुई। रात करीब 9.00 बजे बरात गुलरिहा गाजीपुर पहुंच गई। बरातियों के जलपान की व्यवस्था की जा रही थी। जनवासे में मौजूद लोग दूल्हे के छोटे भाई दीपक (24) और ग्राम बेहटा निवासी उनके बहनोई राकेश (25) के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के सड़क हादसे की सूचना जनवासे पहुंची। खबर मिलते ही अफरातफरी मच गई। बराती घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। अखनापुर गांव के पास दोनों के शव सड़क किनारे पड़े मिले। घटनास्थल की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि बाइक को किसी तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मारी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बरातियों की सूचना पर थानाध्यक्ष संजीव चौहान मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

बहराइच में सड़क हादसे में दूल्हे के भाई व बहनोई की मौत, बिना शादी लौटी बरात #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 08, 2026, 17:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बहराइच में सड़क हादसे में दूल्हे के भाई व बहनोई की मौत, बिना शादी लौटी बरात #VaranasiLiveNews