बांदा: 24 घंटे में चोर गिरफ्तार, चोरी के जेवरात बरामद

करतल चौकी क्षेत्र के बरसडामानपुर गांव में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए समस्त माल को भी बरामद कर लिया है। बरसडामानपुर गांव निवासी पप्पू पुत्र रामसेवक राजपूत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 11 मार्च को वह अपने परिवार के साथ खेत पर फसल काटने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे कीमती जेवरात चुरा ले गए। चोरों ने तीन चांदी की चेन, एक चांदी की कमर पेटी, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी का कड़ा, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, चार चांदी की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कान के टप्स, एक सोने का लॉकेट, सोने की नथुनी तथा एक चांदी का सिक्का सहित अन्य मूल्यवान सामान पर हाथ साफ कर दिया था। करतल चौकी इंचार्ज सूबेदार बिंद ने बताया कि चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी शफीक पुत्र भूरा निवासी लहुरेटा को बघैला मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए समस्त जेवरात और अन्य कीमती सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बांदा: 24 घंटे में चोर गिरफ्तार, चोरी के जेवरात बरामद #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 12, 2026, 15:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बांदा: 24 घंटे में चोर गिरफ्तार, चोरी के जेवरात बरामद #VaranasiLiveNews