अयोध्या में बिना सूचना बंद हुआ रास्ता, जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर ग्रामीण

अयोध्या में विकासखंड पूरा बाजार क्षेत्र के सरायराशी गांव से होकर सनेथू, मुसे पांडे पुरवा, पंडित का पुरवा और पूरे पहलवान होते हुए रसूलाबाद मार्ग को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग रेलवे विभाग द्वारा अचानक बंद किए जाने से हजारों ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रास्ता बंद होने के बाद लोग जान जोखिम में डालकर सीधे रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि प्रतिदिन स्कूली बच्चे, किसान, मजदूर, बाजार जाने वाले लोग और दोपहिया वाहन चालक रेलवे ट्रैक पार कर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। सरायराशी निवासी सूरज सिंह , सनेथू निवासी नितिन सिंह व व ग्राम प्रधान विजय रंजन सहित ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था किए रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कोई बाइक लेकर रेलवे लाइन पार कर रहा है तो कोई साइकिल और पैदल ट्रैक पार करने को विवश है। भीषण गर्मी के बीच महिलाएं और छात्राएं भी खतरे के बीच आवागमन कर रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते कोई सुरक्षित रास्ता या क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग वर्षों से आसपास के कई गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग रहा है। रास्ता बंद होने से लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। किसानों को खेतों तक पहुंचने और फसल ढुलाई में भी भारी समस्या हो रही है। स्थानीय लोगों में रेलवे प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कर रास्ता बहाल कराया जाए, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार न करना पड़े।

अयोध्या में बिना सूचना बंद हुआ रास्ता, जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर ग्रामीण #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 25, 2026, 11:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अयोध्या में बिना सूचना बंद हुआ रास्ता, जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर ग्रामीण #VaranasiLiveNews