ग्रेटर नोएडा: सोसाइटी में बीच रास्ते से कार हटाने को लेकर विवाद में अधिवक्ता को दी धमकी
ग्रेनो वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में बुधवार रात तीन अज्ञात युवकों ने शराब के नशे में हंगामा कर दिल्ली हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता ने मामले की शिकायत बिसरख कोतवाली पुलिस से की है। कार से भागते समय का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। अधिवक्ता आकाश पांडेय का कहना है कि बुधवार की रात करीब 8 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से सोसाइटी के डी-टावर के सामने आकर खड़े हो गए। गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसके शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी। तीनों युवक गाड़ी में बैठकर खुलेआम शराब पी रहे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी इस तरह खड़ी कर दी थी जिससे टावर के निवासियों का प्रवेश और निकास बाधित हो गया। सोसाइटी के गार्ड द्वारा गाड़ी हटाने के लिए कहने पर तीनों युवकों ने उससे अभद्र भाषा में गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने स्वयं विनम्रता से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया तो युवक आक्रामक हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनका बड़ा भाई बीच-बचाव करने के लिए आया। इसी बीच एक युवक कार के अंदर गया और चालक के बगल वाली सीट पर बैठकर अंदर से पिस्टल दिखाते हुए धमकी दी। जब आसपास लोग इकट्ठा होने लगे तो तीनों भीड़ को देखकर तेज रफ्तार में गाड़ी भगाकर मौके से फरार हो गए। भागते समय उनकी लापरवाह ड्राइविंग से कई लोग बच गए। वहीं कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि सोसाइटी में गाड़ी हटाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। मारपीट की बात असत्य है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा: सोसाइटी में बीच रास्ते से कार हटाने को लेकर विवाद में अधिवक्ता को दी धमकी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 15:46 IST
ग्रेटर नोएडा: सोसाइटी में बीच रास्ते से कार हटाने को लेकर विवाद में अधिवक्ता को दी धमकी #VaranasiLiveNews
