अमृतसर में चोरों के हौसले बुलंद, डेढ़ महीने पहले किश्तों पर खरीदी गई 3 भैंसें चोरी
पंजाब में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब पशु भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ताजा मामला अमृतसर से सामने आया है, जहां चोरों ने एक गरीब परिवार की तीन भैंसें चोरी कर लीं। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया है। पीड़ित महिला कुलवंत कौर ने बताया कि उन्होंने ये भैंसें करीब डेढ़ महीने पहले ही किश्तों पर खरीदी थीं, ताकि दूध बेचकर परिवार का गुजारा किया जा सके। परिवार के अनुसार चोरी की वारदात रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे, जिसका फायदा उठाकर चोर बड़ी चालाकी से भैंसों को गाड़ी में लादकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घर में कुल 10 पशु थे, जिनमें से चोरों ने चुनकर 3 भैंसें चोरी कर लीं। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुई भैंसों की कीमत करीब 2 लाख, 1.80 लाख और 1.75 लाख रुपये थी। भैंसों के चोरी होने से परिवार के सामने बड़ी आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है और अब किश्तें भरना भी मुश्किल हो गया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों में एक गाड़ी दिखाई दे रही है, लेकिन ज्यादा रोशनी होने के कारण गाड़ी का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा।
अमृतसर में चोरों के हौसले बुलंद, डेढ़ महीने पहले किश्तों पर खरीदी गई 3 भैंसें चोरी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 16:34 IST
अमृतसर में चोरों के हौसले बुलंद, डेढ़ महीने पहले किश्तों पर खरीदी गई 3 भैंसें चोरी #VaranasiLiveNews
