उत्तराखंड: मेघालय से जल और वन संरक्षण के गुर सीख रहा प्रदेश, चंपावत की समितियों को मिलेगा आर्थिक फायदा
उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों धारा-नौलों को पुनर्जीवित करने और सामुदायिक स्तर पर वनों के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) और चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का संयुक्त दल मेघालय के अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय दौरे में कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं। इनमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी भी हैं। भ्रमण के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने उत्तराखंड के दल को राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) से वित्तपोषित 'MEGALIFE' और जर्मन विकास बैंक (KfW) से वित्तपोषित 'MEGARISE' परियोजना शामिल हैं। वन संरक्षण पर हर साल 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर दल ने MEGALIFE परियोजना के तहत संचालित पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज (PES) मॉडल को भी करीब से समझा। इसके तहत प्राकृतिक वनों को बचाने वाली स्थानीय समितियों को हर साल प्रति हेक्टेयर 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इन समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है। शिलांग के एक गांव की समिति ने इस मॉडल के तहत 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र को संरक्षित किया है। समिति के खाते में सामुदायिक विकास के कार्यों के लिए फिलहाल करीब 15 लाख रुपये जमा हैं। ये भी पढे़ंउत्तराखंड: धामी कैबिनेट के 23 फैसले: वन आरक्षी की आयु सीमा बढ़ी, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी बायोचार उत्पादन से कार्बन क्रेडिट का लाभ अध्ययन भ्रमण के दौरान सारा (SARRA) के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। यह पायलट परियोजना मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के बाद शुरू की गई थी। इसके तहत बायोचार का उत्पादन कर उससे मिलने वाले कार्बन क्रेडिट का सीधा लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस पहल में कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधि तकनीकी सहयोग दे रहे हैं। दल ने मेघालय में अपनाई जा रही एग्रोफॉरेस्ट्री यानी कृषि वानिकी की तकनीकों को भी समझा। अधिकारियों का मानना है कि वहां का PES मॉडल और सामुदायिक भागीदारी का तरीका उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी हो सकता है। खासकर चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को इससे आर्थिक रूप से मजबूत करने और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रयासों को नई दिशा देने में मदद मिलेगी।
#CityStates #Dehradun #Uttarakhand #Meghalaya #WaterAndForestConservationModel #Champawat #UttarakhandNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 13:34 IST
उत्तराखंड: मेघालय से जल और वन संरक्षण के गुर सीख रहा प्रदेश, चंपावत की समितियों को मिलेगा आर्थिक फायदा #CityStates #Dehradun #Uttarakhand #Meghalaya #WaterAndForestConservationModel #Champawat #UttarakhandNews #VaranasiLiveNews
