अमेरिकी राजनीति: 2028 में राष्ट्रपति पद की रेस पर कमला हैरिस ने फैसला टाला; मध्यावधि चुनाव में क्या रणनीति?
अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के अपने फैसले को फिलहाल टाल दिया है। अभी उनका जोर नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने पर है। इसी कड़ी में उन्होंने 21 से 30 अक्तूबर तक अपने चुनाव प्रचार अभियान का विस्तार किया है। वह नेवादा, मिसिसिपी, न्यू हैम्पशायर, विस्कॉन्सिन और जॉर्जिया में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी। फ्लोरिडा में वह ऑनलाइन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। हैरिस ने हाल के साक्षात्कारों में कहा कि फिलहाल उनका ध्यान डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत पर है। हालांकि, 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप से हारने के बाद भी उन्होंने 2028 में दोबारा व्हाइट हाउस की दौड़ में उतरने की संभावना से इन्कार नहीं किया है। हैरिस 21 अक्तूबर को नेवादा में प्रचार शुरू करेंगी। यहां वह राज्य के अटॉर्नी जनरल आरोन फोर्ड के साथ नजर आएंगी, जो गवर्नर चुने जाने पर राज्य के पहले अश्वेत गवर्नर होंगे। इसके बाद 22 अक्तूबर को मिसिसिपी में स्कॉट कोलम के लिए प्रचार करेंगी। कोलम जीतते हैं तो पुनर्निर्माण काल के बाद राज्य से चुने जाने वाले पहले अश्वेत अमेरिकी सीनेटर होंगे। 24 अक्तूबर को न्यू हैम्पशायर में हैरिस सीनेट उम्मीदवार क्रिस पप्पास के साथ प्रचार करेंगी और प्रजनन स्वास्थ्य तथा गर्भपात के अधिकारों पर चर्चा में भाग लेंगी। 26 अक्तूबर को वह विस्कॉन्सिन के गवर्नर पद के उम्मीदवार डेविड क्राउली के साथ अभियान चलाएंगी। हैरिस 28 अक्तूबर से जॉर्जिया में तीन दिन प्रचार करेंगी। यहां वह सीनेटर जॉन ओसॉफ के साथ कार्यक्रमों में शामिल होंगी, मतदाता संरक्षण से जुड़े आयोजनों में हिस्सा लेंगी और 30 अक्तूबर को अटलांटा में डेमोक्रेटिक पार्टी के वार्षिक समारोह को संबोधित करेंगी। जॉर्जिया से ही वह फ्लोरिडा की सीनेट उम्मीदवार एंजी निक्सन के समर्थन में ऑनलाइन कार्यक्रम भी करेंगी। इस दौरे में राष्ट्रपति पद के लिए 2028 के शुरुआती प्राइमरी चुनाव वाले कुछ राज्य भी शामिल हैं। इससे हैरिस की भविष्य की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर अटकलें बनी रहेंगी, हालांकि उनके कार्यालय ने इस दौरे को आगामी मध्यावधि चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन से जुड़ा बताया है।
#World #International #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 14, 2026, 22:58 IST
अमेरिकी राजनीति: 2028 में राष्ट्रपति पद की रेस पर कमला हैरिस ने फैसला टाला; मध्यावधि चुनाव में क्या रणनीति? #World #International #VaranasiLiveNews
