UP: विषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत, परिजन बोले- किसी ने जबरन जहर पिलाया, चल रहा था विवाद
अमेठी में कमरौली के बरसंडा के पट्टी गांव निवासी हनुमान गौतम (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने पर इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर अचानक हनुमान गौतम की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल जगदीशपुर ट्रामा सेंटर ले गए।वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भांजे राजू, जो गोरखपुर में पुलिस विभाग में तैनात बताए जा रहे हैं, ने फोन पर आरोप लगाया कि हनुमान को नशीले तरल पदार्थ में जहर मिलाकर पिलाया गया। परिजनों का कहना है कि उनका परिवार के ही एक व्यक्ति से रास्ते में खूंटा बांधने और गाड़ने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर वह डायल 112 पर सूचना देकर थाने में शिकायत करने भी गया था। आरोप है कि पट्टीदार के कथित दबाव और विवाद के चलते वह मानसिक रूप से परेशान था। थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि हनुमान प्रसाद नामक व्यक्ति रास्ते के विवाद की शिकायत लेकर थाने आया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन संबंधित पक्ष वहां नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। देर रात तोड़ा दम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किए गए हनुमान प्रसाद गौतम की देर रात उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हनुमान बैंक मित्र केंद्र का संचालन करते थे और उसी आय से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके निधन से पत्नी गयावती पूरी तरह टूट गई हैं। घर में मौजूद चारों बेटियां महिमा (13), कांति (11), प्रीति (9), ललिता (7) और बेटे गोलू (5) व मोलू (3) का रो-रोकर बुरा हाल है। हनुमान ही परिवार का इकलौता सहारा थे। उनके जाने से बच्चों के भविष्य पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। घर के आंगन में पसरा सन्नाटा और बिलखते बच्चों की आवाजें हर किसी की आंखें नम कर रही हैं।
#CityStates #Amethi #UpNewsToday #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 16:25 IST
UP: विषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत, परिजन बोले- किसी ने जबरन जहर पिलाया, चल रहा था विवाद #CityStates #Amethi #UpNewsToday #VaranasiLiveNews
