यूपी : पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम फिर जारी होगा, हाईकोर्ट का बड़ा आदेश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम संशोधित कर नए सिरे से जारी करने का आदेश दिया है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी (एमआरसी) के तहत अनारक्षित श्रेणी में स्थानांतरित करने का लाभ नहीं दिए जाने के मामले में कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने संजय कुमार और तीन अन्य की ओर से दाखिल याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया। याचियों का कहना था कि प्रारंभिक परीक्षा में उनके अंक अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक थे, इसके बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी के तहत अनारक्षित श्रेणी में स्थानांतरण का लाभ नहीं दिया। याचियों ने अदालत से मांग की थी कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक हैं, उन्हें उनकी मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया जाए। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए आयोग को चयन प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करने और प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम दोबारा जारी करने का निर्देश दिया। हाईकोर्ट के इस आदेश से यूपीपीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम और आगे की चयन प्रक्रिया प्रभावित होगी। अब आयोग को अदालत के निर्देशों के अनुसार परिणाम संशोधित कर नए सिरे से जारी करना होगा।
#CityStates #Prayagraj #Uppcs2025 #UppscPreResult #PcsPrelimsResult #AllahabadHighCourt #UppscResultRevised #UppscRecruitment #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 14:20 IST
यूपी : पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम फिर जारी होगा, हाईकोर्ट का बड़ा आदेश #CityStates #Prayagraj #Uppcs2025 #UppscPreResult #PcsPrelimsResult #AllahabadHighCourt #UppscResultRevised #UppscRecruitment #VaranasiLiveNews
