पार्टी में पंगा: नोएडा के गार्डन गैलेरिया में डांस के लिए दो पक्ष भिड़े, बाउंसरों ने जमकर पीटा; 12 गिरफ्तार
नोएडा सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया के एक बार में शुक्रवार देर रात पार्टी के दौरान दो पक्षों में फ्लोर पर डांस करने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और बार के बाहर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसके बाद मॉल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड व बाउंसरों ने दोनों पक्षों के साथ मारपीट कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने पांच गार्डों समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गार्डन गैलेरिया में शुक्रवार रात कुछ युवक पार्टी कर रहे थे। देररात को डांस फ्लोर पर नाचने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष बाहर आ गए। इसके बाद बार के बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते एक-दूसरे को लात-घूंसे और थप्पड़ों से मारने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की मौके पर देर तक हंगामा चलता रहा। इसी बीच कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मॉल की सुरक्षा में तैनात गार्ड व बाउंसर वहां पहुंच गए। लोगों को समझाते हुए पब से बाहर लाने लगे। रास्ते में गार्ड और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गार्ड व बाउंसरों ने नशे में धुत युवकों की पिटाई कर दी। इस दौरान मॉल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। एडीसीपी मनीषा सिंह का कहना है कि इस मामले में आपस में झगड़ा करने वाले सात युवकों और पांच गार्डों को गिरफ्तार किया गया है। मॉल में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं गार्डन गैलेरिया मॉल में मारपीट की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। 2022 में लॉस्ट लेमन बार में बिल विवाद को लेकर बृजेश राय नामक शख्स की पिटाई कर दी गई थी। इसमें उनकी मौत हो गई थी। सितंबर 2024 में डांस फ्लोर पर हुए विवाद के बाद पार्किंग में फायरिंग की घटना हुई थी। वहीं गाजियाबाद के दो पुलिसकर्मियों ने भी पहले फायरिंग की थी। इनकी हुई गिरफ्तारी पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सेक्टर-27 निवासी आजाद, सेक्टर-15 निवासी शरस और दूसरे पक्ष की ओर से धीरज सिंह निवासी सेक्टर-53, हीरेन निवासी गुड़गांव, मोहित शर्मा निवासी गाजियाबाद, साहिब सिंह नई दिल्ली और प्रदीप सेक्टर-15 नोएडा के रूप में हुई है। गिरफ्तार बाउंसरों की पहचान निठारी गांव निवासी सत्यम, सर्फाबाद गांव निवासी अजय, दिल्ली के दल्लूपुरा निवासी राजेश कुमार, सेक्टर-49 निवासी साकिब और सेक्टर-44 निवासी मोनू के रूप में हुई है।
#CityStates #DelhiNcr #Noida #GardenGalleria #Clash #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 02:37 IST
पार्टी में पंगा: नोएडा के गार्डन गैलेरिया में डांस के लिए दो पक्ष भिड़े, बाउंसरों ने जमकर पीटा; 12 गिरफ्तार #CityStates #DelhiNcr #Noida #GardenGalleria #Clash #VaranasiLiveNews
