सोनीपत में दो कारों की टक्कर: फैक्टरी कर्मचारी की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में एक फैक्टरी कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा सोनीपत-गोहाना हाईवे पर हुआ है। दो कारों की आमने-सामने की टक्कर के बाद गांव लाठ के 52 वर्षीय अनिल कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह तीन बेटियों के पिता थे। इसके बाद शादी वाले घर में मातम छाया हुआ है। सोनीपत नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराने पहुंचे परिवार जनों और पड़ोसियों ने बताया कि भिगान में एक फैक्टरी में नौकरी कर रहे अनिल कुमार परिवार समेत शहर की व्हाइट लिली सोसाइटी में फ्लैट में थे। उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी बीएससी कर रही है और छोटी दोनों 11वीं में पढ़ती हैं। 6 फरवरी को अनिल के भतीजे की शादी है, जिसकी तैयारियों के चलते वह गांव में आए हुए थे। रात करीब 10 बजे के बाद जब वह वापस सोसाइटी लौट रहे थे तो गांव जाहरी के पास वह कार हादसे का शिकार हो गए। पता चलने के बाद रात करीब 12 बजे परिजन अनिल को लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना के बाद थाना सदर की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक हादसे की वजह एक कार चालक के फ्लाईओवर पर गलत दिशा से चल रहे होने को बताया जा रहा है। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि गलत दिशा में चल रही कार अनिल कुमार की थी या दूसरी। फिलहाल मामले की तह तक जाने की कोशिशें जारी हैं।
#Crime #Sonipat #Haryana #Accident #Roadaccident #Caraccident #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 15:58 IST
सोनीपत में दो कारों की टक्कर: फैक्टरी कर्मचारी की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं #Crime #Sonipat #Haryana #Accident #Roadaccident #Caraccident #VaranasiLiveNews
