Panipat News: गाडी़ की टक्कर लगने से अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, किसान की मौत

पानीपत। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में सोमवार रात को करीब नौ बजे डाडोला से सिवाह जाते हुए गाड़ी की टक्कर लगने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे किसान राजबीर (51) निवासी सिवाह की मौत हो गई। किसान के पुत्र मोहित ने गांव के ही गाड़ी चालक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गाड़ी चालक की तलाश शुरू कर दी। सिवाह गांव के मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके खेत डाडोला रोड पर हैं। सोमवार रात को वह करीब नौ बजे अपने ट्रैक्टर से खेतों से घर लौट रहे थे। उनके पिता राजबीर ट्रैक्टर चला रहे थे और वह बरामद में बैठे थे।जैसे ही वह वेयर हाउस के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही गाड़ी ने मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में उनके ट्रैक्टर में साइड मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और उनके पिता घायल हो गए। घायल को तुरंत ही राहगीरों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें रोहतक पीजीआई भेज दिया गया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद गाड़ी चालक ने कुछ देर उनकी मदद की। इसके कुछ देर बाद वह मौका देखकर वहां से भाग गया। किसान की मौत की सूचना पर मंगलवार को सेक्टर-29 थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मोहित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी सुभाष ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ----

#TractorOverturnedAfterBeingHitByAVehicle #FarmerDied #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 15, 2026, 03:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: गाडी़ की टक्कर लगने से अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, किसान की मौत #TractorOverturnedAfterBeingHitByAVehicle #FarmerDied #VaranasiLiveNews