Charkhi Dadri News: कॉलेजों में स्नातक दाखिले के लिए आज अंतिम मौका, आधी सीटों पर भी नहीं पहुंचे आवेदन
चरखी दादरी। जिले के सरकारी व एडेड कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का आज अंतिम दिन है। दाखिला प्रक्रिया समाप्त होने में अब केवल एक दिन शेष बचा है लेकिन अभी तक जिले के कॉलेजों में उपलब्ध सीटों के मुकाबले आधे आवेदन भी प्राप्त नहीं हुए हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील कर रहा है ताकि उन्हें दाखिले से वंचित न रहना पड़े। जिले के आठ कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं की कुल 4102 सीटों पर दाखिले किए जाने हैं। इनमें बीए, बीकॉम, बीएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल हैं। हालांकि आवेदन प्रक्रिया शुरू हुए 1 महीने का समय बीत चुका है लेकिन विद्यार्थियों का रुझान अपेक्षा के अनुरूप नहीं दिखाई दे रहा है। अब तक प्राप्त आवेदनों की संख्या उपलब्ध सीटों के मुकाबले काफी कम है जिससे कॉलेज प्रशासन भी चिंतित नजर आ रहा है।अंतिम दिन आवेदन बढ़ने की उम्मीदकॉलेज प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि कई विद्यार्थी अंतिम दिनों में आवेदन करने को प्राथमिकता देते हैं। इसके चलते अंतिम दिन आवेदन पोर्टल पर अधिक गतिविधि देखने को मिल सकती है। बावजूद इसके विद्यार्थियों को किसी भी तकनीकी समस्या से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है। हेल्प डेस्क का उठा रहे लाभदाखिला प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए जिले के सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्कों पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन भरने, दस्तावेज अपलोड करने और विषय चयन से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को भी यहां विशेष सहायता दी जा रही है ताकि उन्हें आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।विद्यार्थियों का घट रहा रुझान शिक्षाविदों का मानना है कि कुछ विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की ओर रुख कर रहे हैं जिसके कारण पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रमों में आवेदन अपेक्षाकृत कम देखने को मिल रहे हैं। वहीं कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि अंतिम दिन बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होंगे और सीटों के अनुरूप दाखिला प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य जमा करवाएं। वर्सन: कॉलेज में दाखिले के लिए रविवार को ऑनलाइन आवेदन का अंतिम दिन है। अभी तक आधी सीटों के आवेदन मिले हैं, उम्मीद है अंतिम दिन आवेदन बढ़ेगे। विद्यार्थी जल्द से जल्द आवेदन कर अपनी सीट पक्की करें। - डॉ. नीरज गर्ग, नोडल अधिकारी, जनता कॉलेज।
#TodayIsTheLastChanceForUndergraduateCollegeAdmissions #ButApplicationsHaven'tBeenReceivedForEvenHalfTheSeats #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 21:48 IST
Charkhi Dadri News: कॉलेजों में स्नातक दाखिले के लिए आज अंतिम मौका, आधी सीटों पर भी नहीं पहुंचे आवेदन #TodayIsTheLastChanceForUndergraduateCollegeAdmissions #ButApplicationsHaven'tBeenReceivedForEvenHalfTheSeats #VaranasiLiveNews
