Delhi NCR News: दिल्ली में एंट्री से पहले सरहोल बॉर्डर पर जांच के कारण जाम में फंसे हजारों वाहन
पेज दो की प्रस्तावित लीड..फोटो- - वायु प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं में लागू किए हैं कड़े प्रतिबंध, गैर बीएस-6 वाहनों की हो रही जांच- एनएच-48 पर सरहोल बॉर्डर से इफको चौक तक दिखा जाम का असर अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए रविवार से दिल्ली की सीमाओं में कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। इसके तहत दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर बीएस-6 वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। इसमें बीएस-3 और 4 वाहन भी शामिल है। रविवार को सरहोल बॉर्डर पर वाहनों की जांच के दौरान जाम लग गया। कई किलोमीटर तक जाम में हजारों वाहन फंसे रहे। दोपहर तक बॉर्डर पर असंख्य वाहन पहुंचने से स्थिति पुलिसकर्मियों के काबू से बाहर हो गई। इस दौरान एसीपी (यातायात मुख्यालय) सत्यपाल यादव, एसीपी ललित दलाल भी पुलिस टीमों के साथ मौजूद रहे। प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली सीमा में प्रवेश से रोकने के लिए गुरुग्राम व दिल्ली पुलिस की टीमों ने बैरिकेड लगाकर मध्य रात्रि से ही बॉर्डर पर नाके लगाकर जांच शुरू कर दी थी। ऐसे में सभी बॉर्डरों पर वाहनों की जांच होने से चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख प्रवेश मार्गों एमजी रोड स्थित आया नगर, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित ग्वाल पहाड़ी, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सरहोल बॉर्डर, गुरुग्राम-नजफगढ़ रोड स्थित बजघेड़ा, ओल्ड दिल्ली रोड स्थित कापसहेड़ा बॉर्डर पर नाकाबंदी की गई। इस कारण इन स्थानों पर सुबह से वाहनों की लंबी लाइनें लग गई थी। सरहोल बॉर्डर पर सबसे ज्यादा परेशानीसबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) स्थित सरहोल बॉर्डर पर हुई। दोपहर तक दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे हालात ऐसे हो गए कि लोगों को कुछ मीटर का सफर तय करने में घंटों लग गए। बसों, कारों और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारों के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात लगभग ठप हो गया। जाम का सबसे ज्यादा असर इफको चौक से सरहोल बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहन चालकों पर पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को भी जाम से निकलने का रास्ता नहीं मिला। जबकि दिल्ली से गुरुग्राम आने वाली रोड पर वाहनों का संचालन सुचारू रहा। इस दौरान पुलिसकर्मी वाहनों के दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन और उत्सर्जन मानकों की जांच कर रहे थे। कुछ ही वाहनों के दस्तावेज की जांच सरहोल बॉर्डर पर वाहनों की जांच करने के नाम पर जाम लगा रहा। गुरुग्राम की पुलिस द्वारा कैब, लोडिंग वाहन, ट्रक, कैंटर सहित अन्य व्यवसायिक वाहनों के प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज जांचे जा रहे थे। इनमें दो-तीन पुलिसकर्मी कुछ ही वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र देख रहे थे। जिन वाहनों का प्रदूषण प्रमाणपत्र खत्म हाे चुका था, उनका मौके पर ही चालान काटा जा रहा था। एंबुलेंस फंसने से मरीजों को दिक्कत गुरुग्राम, रेवाड़ी, नूंह, महेंद्रगढ़ से काफी गंभीर मरीजों को दिल्ली के एम्स, सफदरजंग सहित अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता है। ऐसे में जाम के बीच कई एंबुलेंस भी फंसने के कारण उनमें मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कांग्रेस समर्थकों के वाहन जाम में फंसे दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की गई थी। इसमें शामिल होने के लिए गुरुग्राम से काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनकी गाड़ियां भी सरहोल बॉर्डर पर जाम में फंसी रही। कुछ कांग्रेस समर्थकों ने आरोप लगाया कि उन्हें दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। वहीं, गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों का कहना था कि जांच का उद्देश्य दिल्ली में लागू नए प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन सुनिश्चित करना था। चालकों ने जाम को लेकर जताया विरोधसरहोल बॉर्डर पर जाम में फंसने के कारण कई वाहन चालकों ने पुलिसकर्मियों के समक्ष अपना विरोध जताया। हालांकि पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों का कहना था कि दिल्ली में प्रदूषण समस्या बढ़ने के कारण बीएस-6 से नीचे के वाहनों को रोकने के लिए जांच की जा रही है। भोंडसी निवासी रामनाथ कुमार का कहना था कि उनको उद्योग विहार अंडरपास पार करने में ही करीब एक घंटे का समय लगा है। एयरपोर्ट कैब लेकर जा रहे संदीप शर्मा ने बताया कि जाम में फंसने के कारण उनको सवारियों को एयरपोर्ट पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।वर्जन दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू किए गए नए वाहन प्रतिबंधों के बारे में लोगों को पहले ही जानकारी दी गई थी। रविवार को विशेष अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा था। जांच का मकसद केवल दिल्ली में लागू प्रतिबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करना था। इसमें लोगों को भी सहयोग करना चाहिए। - सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम।
#ThousandsOfVehiclesStrandedAtSarholeBorderDueToCheckingBeforeEnteringDelhi #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 19:27 IST
Delhi NCR News: दिल्ली में एंट्री से पहले सरहोल बॉर्डर पर जांच के कारण जाम में फंसे हजारों वाहन #ThousandsOfVehiclesStrandedAtSarholeBorderDueToCheckingBeforeEnteringDelhi #VaranasiLiveNews
