Una News: 31 मई को खुलेगा जिला परिषद और बीडीसी सदस्य के भाग्य का पिटारा
गगरेट (ऊना)। ग्राम पंचायतों से लेकर जिला परिषद वार्डों तक चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच चुकी हैं। पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण का मतदान 30 मई को होगा, जबकि 31 मई को मतगणना के साथ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आ जाएगा। चुनावी रण के आखिरी दौर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की धड़कनें तेज हो गई हैं।चुनाव प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क साधने में जुट गए हैं। गांवों की चौपालों, बाजारों और घर-घर में चुनावी चर्चाएं गर्म हैं। कहीं जातीय समीकरण साधे जा रहे हैं तो कहीं विकास के मुद्दों को लेकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास जारी है। इस बार जिला परिषद वार्डों में कई जगह सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है जबकि कुछ वार्डों में त्रिकोणीय संघर्ष ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। पंचायत समिति चुनावों में भी युवा चेहरों और पुराने नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला बना हुआ है।30 मई को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने भी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वहीं 31 मई को होने वाली मतगणना के लिए भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।मतगणना केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। चुनावी माहौल के बीच प्रत्याशियों की बेचैनी भी साफ दिखाई दे रही है, क्योंकि अब सिर्फ मतदाताओं का फैसला ही तय करेगा कि ग्रामीण संसद में किसके सिर जीत का ताज सजेगा।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 23:33 IST
Una News: 31 मई को खुलेगा जिला परिषद और बीडीसी सदस्य के भाग्य का पिटारा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
