Agra News: शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश
आगरा। विपक्ष अकारण संसद बाधित करने का कार्य कर रहा है। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है, जबकि विपक्ष शोर मचाकर समय बर्बाद कर रहा है। उसे यह समझ नहीं आ रहा कि शोर से नहीं, देश संवाद से चलेगा। यह बात केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि बजट 2026–27 में समाज के सभी वर्गों गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। यह बजट विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा। कहा कि जब विपक्ष के पास शासन का पर्याप्त समय था, तब देशहित में कोई ठोस काम नहीं किया गया। कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर संसद तक दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस देश के विकास को गति नहीं दे सकी। उन्होंने मोबाइल निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल फोन निर्माता देशों में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार के नेतृत्व की वजह से ही देश की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर पहुंच गई है। जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगी। पूरी दुनिया भारत के बढ़ते कदमों को स्वीकार कर रही है। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, संतोष कटारा, हेमंत भोजवानी व अन्य मौजूद रहे।
#TheCountryWillBeRunThroughDialogue #NotNoise. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 02:52 IST
Agra News: शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश #TheCountryWillBeRunThroughDialogue #NotNoise. #VaranasiLiveNews
