गांव में चीते का खौफ: कूनो से निकलकर राजस्थान होते हुए गुना के जंगल में पहुंचा चीता, वन विभाग ने करवाई मुनादी
कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकले चीते की लंबी दूरी तक जारी आवाजाही ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है। श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क का चीता CCB-4 मध्य प्रदेश की सीमा पार कर राजस्थान के जंगलों में पहुंचा और वहां से वापस मध्य प्रदेश के गुना जिले में दाखिल हो गया। सोमवार सुबह फतेहगढ़ क्षेत्र के सरखेड़ा के जंगलों में उसकी मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग की टीमें लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। चीते की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर मुनादी कराई जा रही है। 36 घंटे में तय किया करीब 150 किलोमीटर का सफर जानकारी के मुताबिक चीते ने लगभग 36 घंटे के दौरान करीब 150 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान उसने मध्य प्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती जंगलों में लगातार आवाजाही की। शनिवार शाम को वह कूनो नेशनल पार्क के आसपास का क्षेत्र छोड़कर राजस्थान की सीमा में दाखिल हो गया था। इसके बाद बारां जिले के कुरकुटी गांव के जंगलों की ओर बढ़ते हुए उसने कई वन क्षेत्रों को पार किया। चीते की गतिविधियों पर नजर रखने वाली टीमों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात उसका मूवमेंट राजस्थान के बारां जिले के दुआ गांव के आसपास दर्ज किया गया। यहां से वह सिलोरी, केदारकुई और खुशियारा होते हुए अजरोड़ा के जंगलों तक पहुंचा। रविवार को भी दिनभर उसकी मौजूदगी इसी क्षेत्र में बनी रही। इस दौरान वह अलग-अलग वन क्षेत्रों में घूमता रहा और लगातार अपना स्थान बदलता रहा। रविवार रात उसने फिर आगे की ओर रुख किया। राजस्थान के नाहरगढ़ क्षेत्र के जंगलों से गुजरते हुए वह मध्य प्रदेश की सीमा की तरफ बढ़ा। सोमवार सुबह सरखेड़ा गांव के आसपास सड़क पार करते हुए उसकी मौजूदगी देखी गई। इसके बाद वह गुना जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र के जंगलों में पहुंच गया और दिनभर जंगल के भीतर ही रहा। GPS कॉलर से मिल रही लोकेशन चीते की लोकेशन की जानकारी मिलते ही कूनो नेशनल पार्क की निगरानी टीम भी उसके पीछे पहुंच गई। कूनो से आई विशेषज्ञों की टीम जंगलों के रास्ते सरखेड़ा क्षेत्र तक पहुंची और उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। चीते CCB-4 के गले में लगे GPS कॉलर के माध्यम से उसकी लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिल रही है। इसके साथ ही ग्राउंड ट्रैकिंग टीम जंगल में उसकी वास्तविक स्थिति पर नजर रख रही है। GPS से प्राप्त संकेतों और मौके पर मौजूद वनकर्मियों की जानकारी के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। ये भी पढ़ें:रिटायर्ड आईएएस हत्याकांड: फरार केयरटेकर आगरा से गिरफ्तार, हिरासत से भागने की कोशिश में पैर में लगी गोली गांवों में मुनादी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह फतेहगढ़ क्षेत्र में चीते की मौजूदगी सामने आने के बाद सरखेड़ा सहित आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग की टीम मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान कर रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और चीता दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। उसकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। जंगल से निकलकर आबादी के नजदीक पहुंचने वाले चीते की मौजूदगी ने आसपास के ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। खेतों और जंगलों के आसपास काम करने वाले किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग के सामने चुनौती चीते की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उसे आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखना है। फिलहाल उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उसे सुरक्षित तरीके से कूनो नेशनल पार्क के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में वापस पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। चीतों की आवाजाही से बढ़ी चिंता कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलकर आसपास के जंगलों और आबादी वाले क्षेत्रों में चीतों की आवाजाही पहले भी चिंता का विषय रही है। 25 अक्टूबर को मुरैना जिले के बमोरी गांव में दो चीते एक मकान में घुस गए थे। इस दौरान उन्होंने आंगन में बंधे दो बछड़ों का शिकार कर लिया था। इसी दिन 19 माह की मादा चीता KNG22 को गोली मारने की घटना भी सामने आई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में वन विभाग के चार अधिकारियों को निलंबित किया गया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कूनो के चीतों की सुरक्षा और उनके विचरण क्षेत्रों की निगरानी को लेकर वन विभाग की जिम्मेदारी बढ़ गई है। अब CCB-4 की सुरक्षित निगरानी और उसे वापस पार्क क्षेत्र में लाना विभाग की प्राथमिकता है।
#CityStates #Guna #MadhyaPradesh #KunoNationalPark #Cheetah #ForestsOfRajasthan #Fatehgarh #Sarkheda #Baran #Nahargarh #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 08:59 IST
गांव में चीते का खौफ: कूनो से निकलकर राजस्थान होते हुए गुना के जंगल में पहुंचा चीता, वन विभाग ने करवाई मुनादी #CityStates #Guna #MadhyaPradesh #KunoNationalPark #Cheetah #ForestsOfRajasthan #Fatehgarh #Sarkheda #Baran #Nahargarh #VaranasiLiveNews
