Una News: 10.55 किमी लंबी नई ब्रॉडगेज रेललाइन परियोजना अंतिम चरण में पहुंची

दौलतपुर चौक (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन से पंजाब के कटरौली तक 10.55 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज रेललाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। लगभग 677 करोड़ रुपये की लागत से साकार हो रही इस परियोजना में 7.80 किलोमीटर लंबा मेगा वायडक्ट तैयार किया गया है, जिसे उत्तर भारत के सबसे लंबे रेल वायडक्ट में से एक माना जा रहा है। डीजल इंजन का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और अब ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन) लाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। यदि सब कुछ तय समयसीमा के अनुसार रहा तो मार्च माह के अंत तक इस रेल खंड पर नियमित ट्रेन संचालन की उम्मीद है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 301 स्पैन और 302 पियर वाला विशाल वायडक्ट खड़ा किया गया है। निर्माण में लगभग 16,000 मीट्रिक टन संरचनात्मक इस्पात से गार्डरों की फेब्रिकेशन व एरेक्शन की गई है जबकि नींव, पियर, पियर कैप और डेक स्लैब के लिए करीब 19,000 मीट्रिक टन टीएमटी स्टील का उपयोग हुआ। जब रेललाइन को घाटी, नदी, सड़क या बस्ती के ऊपर से लंबी दूरी तक ले जाना होता है, तब वायडक्ट का निर्माण किया जाता है। यह अनेक ऊंचे खंभों (पियर) पर आधारित संरचना होती है, जिसके ऊपर गार्डर और डेक स्लैब बनाकर पटरियां बिछाई जाती हैं। इससे नीचे का यातायात, प्राकृतिक जल प्रवाह और जनजीवन बाधित नहीं होता तथा ट्रेन सुरक्षित रूप से गुजरती है। परियोजना के तहत तीन प्रमुख पुल, चार लघु पुल और दो रोड ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए गए हैं। 38.37 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित कर पूरे 10.55 किमी फॉर्मेशन का निर्माण पूरा किया गया। पंजाब के कटरौली में नया स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, जहां आधुनिक यात्री सुविधाएं, उन्नत प्लेटफॉर्म और बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा। दौलतपुर चौक–कटरौली रेललाइन से सीमावर्ती क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, कृषि परिवहन और पर्यटन को नई गति मिलेगी। हिमाचल और पंजाब के बीच संपर्क और मजबूत होगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मार्च अंत तक यदि हरी झंडी मिलती है तो यह परियोजना ऊना जिले के लिए बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।

#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 03, 2026, 23:42 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: 10.55 किमी लंबी नई ब्रॉडगेज रेललाइन परियोजना अंतिम चरण में पहुंची #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews