सुना है क्या: 'काम से ज्यादा प्रचार जरूरी', 'माननीय तलाश रहे नया ठौर', 'मंत्रीजी की दिमागी खिचड़ी' के किस्से
यूपी के पावर कॉरिडोर में एक साहब काम से ज्यादा प्रचार करते नजर आए जिसके कारण अब उन्हें साइडलाइन करने की तैयारी है। वहीं, चुनाव नजदीक आते देख एक माननीय टिकट कटने की आशंका देखते हुए नए ठौर की तलाश में हैं। वहीं, एक मंत्री जी तो विपक्षी खेमे में अपने दूत तक भेज रहे हैं। पढ़ें सत्ता के गलियारों के ये किस्से: काम से ज्यादा प्रचार जरूरी एक हाईप्रोफाइल मामले में फजीहत के बाद एक आईपीएस को अपनी कुर्सी बचाने के लिए फील्ड की सुध लेनी पड़ी। विदेश जाकर अपनी चुस्ती-फुर्ती तो उन्होंने खूब दिखाई, लेकिन असली काम में पिछड़ना भारी पड़ गया। अब डैमेज कंट्रोल की कोशिश की तो उसमें भी किरकिरी हो गई। दरअसल, त्योहार पर सक्रियता दिखाने के लिए उन्होंने पैदल गश्त करने का फैसला लिया और पहले ही इसका प्रचार कर दिया। अब सीनियर परेशान हैं कि भला पहले से बताकर गश्त करने कौन जाता है। सुना है कि जल्द ही उन्हें फिर साइडलाइन करने की तैयारी है। माननीय तलाश रहे नया ठौर सूबे के पूर्वी क्षेत्र के एक वीआईपी जिले से चुनाव जीतकर पीडीए चेहरे के तौर पर सत्तासीन हुए एक माननीय इन दिनों दोहरी चिंता से घिरे हैं। पहली चिंता छलिया छवि के चलते टिकट कटने की है तो दूसरी, सर्वे में इस बार हार के संकेत मिलने से उनकी धड़कनें बढ़ गई हैं। चर्चा है कि माननीय को टिकट कटने की पुख्ता जानकारी मिल चुकी है। इसे देखते हुए वह अब नए ठिकाने की तलाश में हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने विपक्ष के एक बड़े दल से संपर्क भी साध लिया है। दरअसल, माननीय को जिस जाति का चेहरा बनाकर सरकार में कुर्सी दी गई थी, उस जाति के लोगों ने भी उनका साथ छोड़ दूसरे दल के एक माननीय को अपना नेता मान लिया है। मंत्रीजी की दिमागी खिचड़ी मंत्रीजी विपक्षी खेमे में शामिल होने के लिए एक के बाद एक दूत भेज रहे हैं। विपक्षी खेमा भी समझ नहीं पा रहा है कि मंत्रीजी वास्तव में उसके साथ आना चाहते हैं या उनके दिमाग में कोई और ही खिचड़ी पक रही है। इस राज का पता लगाने के लिए विपक्ष के कुछ नेता भी सक्रिय हैं। वे लगातार मंत्रीजी के खिलाफ रिपोर्ट दे रहे हैं। हालांकि, राजनीति में नामुमकिन कुछ भी नहीं होता। तमाम विरोध के बावजूद मंत्रीजी की मंशा पूरी हो जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं। आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी या समाचार हो तो 8859108085 पर व्हाट्सएप करें।
#CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowNews #UpNews #SunaHaiKya #UpMeSunaHaiKya #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 12, 2026, 04:15 IST
सुना है क्या: 'काम से ज्यादा प्रचार जरूरी', 'माननीय तलाश रहे नया ठौर', 'मंत्रीजी की दिमागी खिचड़ी' के किस्से #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowNews #UpNews #SunaHaiKya #UpMeSunaHaiKya #VaranasiLiveNews
