Sultanpur: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, आगे के हिस्से का उड़ा परखच्चा, दो युवकों की मौत; अन्य की हालत नाजुक
सुल्तानपुर में गोसाईगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ बलिया राजमार्ग के बगल इटकौली में दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गेट और पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो की हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के फतेहपुर संगत गांव निवासी पूर्व प्रधान ओम प्रकाश सिंह के पुत्र सनी सिंह (35) बुधवार दोपहर अपने साथियों के साथ कार से गोसाईगंज बाजार से जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। लगभग 12:30 बजे इटकौली गांव के पास हाईवे किनारे कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे बने गेट से टकराई, इसके बाद पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। घायलों में अभिमन्यु उर्फ सनी सिंह, उम्र करीब 35 वर्ष शिवम यादव उम्र करीब 20 वर्ष अमन सिंह (26 वर्ष) तथा राजकुमार सिंह (28 वर्ष) शामिल थे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान अभिमन्यु उर्फ सनी सिंह और शिवम यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन सिंह और राजकुमार सिंह का गंभीर हालत में इलाज जारी है। थाना प्रभारी रामआशीष उपाध्याय ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#CityStates #Sultanpur #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 16:06 IST
Sultanpur: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, आगे के हिस्से का उड़ा परखच्चा, दो युवकों की मौत; अन्य की हालत नाजुक #CityStates #Sultanpur #VaranasiLiveNews
