किराये के मकान में बन रहा था नकली घी: 2 क्विंटल 86 किलो की बरामदगी, बड़े ब्रांड के नाम से हो रही थी सप्लाई
खाद्य सुरक्षा विभाग और खमाणों पुलिस ने रविवार रात बिलासपुर रोड स्थित एक किराये के मकान में चल रही नकली देसी घी बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया। मौके से टीम ने 2 क्विंटल 86 किलो तैयार नकली देसी घी बरामद किया। इसके अलावा 6 क्विंटल वनस्पति घी, 4 क्विंटल रिफाइंड तेल, पैकिंग मशीनें, खाली डिब्बे, रैपर और सील लगाने वाली मशीनें भी जब्त की गईं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बिलासपुर रोड पर पिछले करीब डेढ़ से दो वर्षों से यह कथित अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। जांच में सामने आया कि वनस्पति तेल, विभिन्न रसायनों और रंगों को मिलाकर तैयार किए जा रहे घी को प्रसिद्ध ब्रांड मेधा शाम के डिब्बों में पैक करके बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लवप्रीत सिंह ने बताया कि यह फैक्टरी जगरांव निवासी अतुल कुमार पुत्र कृष्ण द्वारा चलाई जा रही थी। मौके से बरामद घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की प्रकृति और गुणवत्ता संबंधी तथ्यों की पुष्टि होगी। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई थानेदार मोहन सिंह और लखबीर सिंह ने बताया कि थाना खमाणों के मुख्य अधिकारी रोहित शर्मा को एक मुखबिर से इस फैक्टरी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क किया और संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कथित नकली देसी घी और इसे तैयार करने तथा पैक करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और तैयार माल की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी।
#CityStates #Crime #Ludhiana #Chandigarh-punjab #Punjab #SpuriousGhee #FatehgarhSahib #KhamanoPolice #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 08:34 IST
किराये के मकान में बन रहा था नकली घी: 2 क्विंटल 86 किलो की बरामदगी, बड़े ब्रांड के नाम से हो रही थी सप्लाई #CityStates #Crime #Ludhiana #Chandigarh-punjab #Punjab #SpuriousGhee #FatehgarhSahib #KhamanoPolice #VaranasiLiveNews
