खेल की खबरें: क्रिकेट में कला संकाय चैंपियन, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में खेलने काशी आएंगे 300 खिलाड़ी
क्रिकेट : 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर सिद्धांत ने चौका मारकर कला संकाय को बनाया चैंपियन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से आयोजित अंतर-संकाय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के फाइनल में कला संकाय के दूसरे क्रम में बल्लेबाजी करने उतरे सिद्धांत पाठक ने 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका मारकर टीम को आठ विकेट से जीत दिलाई। बीएचयू के एंफीथियेटर क्रिकेट मैदान पर खेले गए फाइनल में डीएवी पीजी कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 116 रन बनाए। टीम की ओर से अनुज श्रीवास्तव ने 24 रन और अक्षय शिवम ने 22 रनों का योगदान दिया। कला संकाय की ओर से आयुष्मान पांडेय ने दो विकेट हासिल किए। 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कला संकाय की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 13.1 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कला संकाय को 117 रन बनाने थे लेकिन दूसरे क्रम के बल्लेबाज सिद्धांत पाठक ने 116 के स्कोर पर चौका लगा दिया। सिद्धांत ने 23 गेंदों पर नाबाद 36 रन जबकि अभिषेक कश्यप ने 26 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। साथ ही कला संकाय ने डीएवी पीजी कॉलेज को 8 विकेट से हराकर प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जेपी सिंह (एआईयू ऑब्जर्वर) उपस्थित रहे। इस अवसर पर विवि क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह, महासचिव प्रो. ए.के. नेमा, उपनिदेशक डॉ. खुर्शीद अहमद, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, डॉ. प्रदीप खलको, सहायक निदेशक डॉ. प्रमोद यादव, डॉ. हरिराम यादव, कला संकाय के सचिव डॉ. कृष्णकांत तथा प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. वैभव राय सहित विवि क्रीड़ा परिषद के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#CityStates #Varanasi #SportsNews #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 18:44 IST
खेल की खबरें: क्रिकेट में कला संकाय चैंपियन, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में खेलने काशी आएंगे 300 खिलाड़ी #CityStates #Varanasi #SportsNews #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #VaranasiLiveNews
