Kangra News: साहब की 10 मिनट की रट, लोगों के चार घंटे हुए बर्बाद
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के तहत पटवार वृत्त शामनगर में शनिवार को सरकारी कार्यप्रणाली की सुस्त चाल ने आम जनता को खूब परेशान किया। जमीन के इंतकाल के लिए बुलाए लोग सुबह से दोपहर 2 बजे तक नायब तहसीलदार का इंतजार करते रहे, लेकिन साहब मौके पर नहीं पहुंचे। लोग फोन करते रहे और साहब हर बार 10 मिनट में आ रहे हैं का दिलासा देते रहे।इंतकाल की प्रक्रिया के लिए कई लोग अपने जरूरी काम और दिहाड़ी छोड़कर पहुंचे थे। स्थानीय निवासी दिव्यांश ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उसे अपनी माता को डायलिसिस के लिए पालमपुर अस्पताल ले जाना था। इंतकाल का समय दिया गया था, इसलिए वह रुक गया, लेकिन अधिकारी के न आने से न तो काम हुआ और न ही वह समय पर अस्पताल जा पाया।मौके पर मौजूद वीर सिंह, आशीष, अभिषेक, ओम प्रकाश और अजय शर्मा ने बताया कि वे सुबह 10 बजे ही पटवार घर पहुंच गए थे। जब अधिकारी नहीं आए तो पटवारी और लोगों ने उन्हें कई बार फोन किए। हर बार फोन पर कभी 10 मिनट तो कभी 20 मिनट में पहुंचने की बात कही गई, लेकिन 2 बजे तक कोई नहीं आया। लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार उन्हें समय देकर इसी तरह टालमटोल की गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन की इस ढुलमुल कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की इस लापरवाही से जनता का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।नायब तहसीलदार कोर्ट के काम से चले गए थे। हो सकता है कि शामनगर पहुंचने में उन्हें देरी हुई हो। बाकी इस बारे में नायब तहसीलदार ही बेहतर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। -गिरीराज ठाकुर, तहसीलदार धर्मशाला पटवार घर शामनगर के बाहर तहसीलदार का इंतजार करते लोग। जागरूक पाठक
#KangraNews #TodayKangraNews #KangraTodayNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 18:41 IST
Kangra News: साहब की 10 मिनट की रट, लोगों के चार घंटे हुए बर्बाद #KangraNews #TodayKangraNews #KangraTodayNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews
