Kullu News: आधिकारिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित हुई शियाह पंचायत
सहायक चुनाव अधिकारी ने की निर्विरोध पंचायत बनने की घोषणा संवाद न्यूज एजेंसी कुल्लू। शियाह पंचायत में प्रधान, उपप्रधान से लेकर वार्ड सदस्यों को निर्विरोध चुना गया है। सहायक चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को शियाह पंचायत को निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की। इसमें सुभद्रा देवी को प्रधान चुना गया है। जबकि उपप्रधान के दिनेश शर्मा और कुशाल सिंह, वीना देवी, सरिता, नोख राम और आशा देवी वार्ड सदस्य निर्वाचित घोषित हुए।नामांकन वापसी के आखिरी दिन शुक्रवार को गांव वालों ने चुने हुए सभी सदस्यों का ढोल नगाड़े के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। शोभायात्रा में पुरुष, महिलाओं और युवाओं ने शामिल होकर देव प्रांगण में आकर देवता जमलू का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रधान सुभद्रा देवी ने कहा कि वे सब मिलकर गांव का समग्र विकास कर शियाह को एक आदर्श गांव बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हर वार्ड में गांव वालों से पूछ कर विकास को गति देंगे। नव निर्वाचित प्रधान सुभद्रा देवी ने यह भी कहा कि शियाह पंचायत मंझली पंचायत से विभाजित होकर नईं पंचायत बनी है। इसलिए पहली प्राथमिकता हमारी पंचायत भवन बनाने की होगी। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत भवन बनाने के लिए दस बिस्वा भूमि देने की भी घोषणा की। उप प्रधान दिनेश शर्मा ने कहा कि हम सभी मिल कर गांव की तरक्की के लिए काम करेंगे। जिस तरह हमारा गांव सबसे अधिक शिक्षित गांव कहलाया जाता है, उसी प्रकार हम इस पंचायत को सबसे अधिक मूलभूत सुविधाओं वाला गांव भी बनाएंगे।
#ShiahPanchayatOfficiallyElectedUnopposed #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 15, 2026, 17:17 IST
Kullu News: आधिकारिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित हुई शियाह पंचायत #ShiahPanchayatOfficiallyElectedUnopposed #VaranasiLiveNews
