शारदीय नवरात्र: शुभारंभ आज से, पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा, सुबह जलाभिषेक और शाम को मनोहारी शृंगार

पितृ पक्ष के समापन के बाद रविवार से ब्रज की द्वार देहरी हाथरसपूरी तरह आदिशक्ति मां भगवती की भक्ति में सराबोर नजर आएगी। शारदीय नवरात्र का पावन पर्व आज से शुरू हो गया। इसके चलते जिलेभर के देवी मंदिरों में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजनों का श्रीगणेश हो चुका है। पर्व के प्रथम दिन श्रद्धालु मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की विधिवत पूजा-अर्चना और कलश स्थापना कर नौ दिनों के व्रत व अनुष्ठान का संकल्प लेंगे। नवरात्र को लेकर शनिवार को पूरे दिन शहर से लेकर देहात अंचल के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में तैयारियां युद्धस्तर पर चलती रहीं। मंदिरों के गर्भगृह और परिसरों में विशेष साफ-सफाई, रंगाई-पुताई व धुलाई कराई गई। मंदिरों के मुख्य द्वारों और मार्गों को आकर्षक रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया है। आज तड़के भोर की पहली किरण के साथ ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो जाएंगी। दोपहर तक मंदिरों में जलाभिषेक व दर्शन-पूजन का तांता रहेगा। शाम को माता के विग्रहों का भव्य व अलौकिक शृंगार कर महाआरती होगी। नौ दिनों तक जिलेभर में देवी भागवत कथा, शतचंडी महायज्ञ, अखंड रामायण पाठ और भजन संध्या का दौर चलेगा। बाजारों में उमड़ी भीड़, पूजा व व्रत सामग्री की जमकर खरीद शारदीय नवरात्र को लेकर शहर के नयागंज, सादाबाद गेट, सर्राफा और कमला बाजार स्थित दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने माता रानी की चौकी सजाने के लिए चुनरी, मुकुट, सुंदर पोशाक, कलावा, धूप, अगरबत्ती, कपूर, रोली, सुपारी, लौंग, नारियल व हवन सामग्री की खरीदारी की। इसके अलावा फलाहार के लिए कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मखाना, मूंगफली और मौसमी फलों की भी खूब बिक्री हुई। कारोबारियों के मुताबिक नवरात्र के शुभ मुहूर्तों को देखते हुए ऑटोमोबाइल सेक्टर में दोपहिया व चौपहिया वाहनों और सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की बुकिंग में भी भारी तेजी आने की उम्मीद है।

#CityStates #Hathras #SharadiyaNavratri #ShailputriMata #Navratri2026 #AligarhNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 11, 2026, 10:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




शारदीय नवरात्र: शुभारंभ आज से, पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा, सुबह जलाभिषेक और शाम को मनोहारी शृंगार #CityStates #Hathras #SharadiyaNavratri #ShailputriMata #Navratri2026 #AligarhNews #VaranasiLiveNews