मंडला: मॉर्निंग वॉक पर निकले वन विभाग एसडीओ का अपहरण, 4 घंटे घुमाया, चेन-अंगूठी लूटी, खाते से निकाले 10 हजार

मंडला में मॉर्निंग वॉक पर निकले वन विभाग के SDO मानिकलाल वरकड़े के अपहरण और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 21 अक्टूबर की सुबह बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उनके साथ मारपीट की फिर आंखों पर गमछा बांधकर गाड़ी में बैठा लिया। करीब चार घंटे तक अलग-अलग गाड़ियों में घुमाने के बाद उन्हें जबलपुर के कुंडम रोड स्थित खमरिया उमरिया क्षेत्र में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। मामले में मंडला कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SDOP पीयूष मिश्रा के मुताबिक मानिकलाल वरकड़े जबलपुर में सामाजिक वानिकी विभाग में SDO के पद पर पदस्थ हैं और उनका घर मंडला के बड़ी खेरी क्षेत्र में स्थित है। छुट्टी पर मंडला आने के दौरान वे नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक के लिए बाईपास और नर्मदा नदी की ओर जाते हैं। 21 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे वे अपनी गाड़ी मेडिकल के पास खड़ी कर पैदल पीपरपानी की ओर टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से सफेद रंग की कार से उतरे युवकों ने उन्हें पकड़ लिया। विरोध करने पर उनके साथ मुक्कों, थप्पड़ों और रॉड से मारपीट की गई। SDO ने बताया कि बदमाशों ने उनके मोबाइल और गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद उनकी आंखों पर गमछा बांधकर उन्हें कार की सीट के नीचे लिटा दिया। कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने उन्हें दूसरी गाड़ी में शिफ्ट कर दिया। पहली सफेद कार में चार लोग सवार थे, जबकि दूसरी गाड़ी में ड्राइवर सहित तीन लोग मौजूद थे। ये भी पढ़ें:नर्मदापुरम: स्वामित्व रजिस्ट्री के दौरान पटवारी से अभद्रता और मारपीट की कोशिश, 40 से ज्यादा पटवारी पहुंचे थाने पीड़ित के अनुसार दूसरी गाड़ी में भी उन्हें दबाकर रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई। आंखों पर पट्टी बंधी होने के कारण उन्हें रास्ते की जानकारी नहीं मिल सकी। करीब सुबह 10 बजे के आसपास आरोपियों ने उन्हें जबलपुर के कुंडम रोड स्थित खमरिया उमरिया क्षेत्र में छोड़ दिया। SDO का कहना है कि छोड़ने से पहले आरोपियों ने गाड़ी की सीट बेल्ट काटकर उनके हाथ बांध दिए थे। सोने की चेन-अंगूठी लूटी, खाते से रुपये निकाले SDO मानिकलाल वरकड़े के मुताबिक बदमाशों ने उनके हाथ से सोने की अंगूठी और गले से सोने की चेन छीन ली। मॉर्निंग वॉक पर होने के कारण उनके पास नकदी नहीं थी लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से 10 हजार रुपये भी निकाले गए हैं। पीड़ित ने बताया कि बदमाश उनसे बार-बार पूछ रहे थे कि उनके खाते में कितने पैसे हैं और वे कितनी रकम दे सकते हैं। आरोपियों ने उनसे कहा कि उनके अपहरण के लिए 6 लाख 39 हजार रुपये की सुपारी मिली है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या वे सेटलमेंट कर लेंगे। हालांकि बदमाशों ने कथित सुपारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की। किसी विवाद से इनकार मानिकलाल वरकड़े ने बताया कि उनके नौकरी के पूरे सेवाकाल में इस तरह का कोई विवाद नहीं रहा है। न ही उन्हें अपने परिवार, घर या खेती-बाड़ी से जुड़ा कोई विवाद याद है। उन्होंने आशंका जताई कि घटना का उद्देश्य लूट हो सकता है लेकिन उन्हें इतनी दूर तक ले जाने और सुपारी की बात कहने से मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने दर्ज किया मामला SDOP पीयूष मिश्रा के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद मंडला कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। इसके लिए मंडला, डिंडौरी और जबलपुर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित सुपारी के पीछे की वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

#CityStates #MadhyaPradesh #Mandla #MandlaNews #ForestDepartment #SdoKidnapping #MorningWalk #KidnappingAndRobbery #JabalpurKundamRoad #MandlaKotwaliPolice #CctvInvestigation #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 26, 2026, 13:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मंडला: मॉर्निंग वॉक पर निकले वन विभाग एसडीओ का अपहरण, 4 घंटे घुमाया, चेन-अंगूठी लूटी, खाते से निकाले 10 हजार #CityStates #MadhyaPradesh #Mandla #MandlaNews #ForestDepartment #SdoKidnapping #MorningWalk #KidnappingAndRobbery #JabalpurKundamRoad #MandlaKotwaliPolice #CctvInvestigation #VaranasiLiveNews