बिहार में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने टेंपो को रौंदा, मां-बेटे समेत चार की मौत; शादी से लौट रहा था परिवार

बिहार के सारण जिले में छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का हाजीपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। टेंपो में सवार लोग पंजाब के लुधियाना में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। शादी से लौटते समय हुआ हादसा परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार अपने परिवार के साथ पंजाब के लुधियाना में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद पूरा परिवार ट्रेन से बिहार लौटा। मंगलवार रात सभी लोग छपरा जंक्शन पर उतरे और वहां से घर जाने के लिए एक टेंपो में सवार हो गए। टेंपो में विशाल कुमार, उनकी पत्नी, दो बच्चे, चालक और खलासी समेत कुल छह लोग सवार थे। जैसे ही टेंपो गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा के पास पहुंचा, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त टेंपो से बाहर निकाला। इस दर्दनाक हादसे में विशाल कुमार की 21 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी और उनके नौ माह के बेटे ऋषभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा भगवान बाजार थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी भोला प्रसाद के 20 वर्षीय बेटे अमन कुमार की भी जान चली गई। अमन टेंपो में खलासी के रूप में काम करता था। हादसे में टेंपो चालक आशीष कुमार की भी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह दुर्घटना में कुल चार लोगों की जान चली गई। विशाल कुमार और दो वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हादसे में विशाल कुमार और उनकी दो वर्षीय बेटी आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर भेज दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस कर रही हादसे की जांच दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शादी की खुशियों के बाद घर लौट रहे परिवार के लिए यह सफर दुखद हादसे में बदल गया।

#CityStates #Saran #Bihar #BiharNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 28, 2026, 09:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बिहार में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने टेंपो को रौंदा, मां-बेटे समेत चार की मौत; शादी से लौट रहा था परिवार #CityStates #Saran #Bihar #BiharNews #VaranasiLiveNews