MP News: खंडवा के आदिवासी गांव में धर्मांतरण का आरोप, दो पक्षों में विवाद के बाद तीन पर केस दर्ज
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिवासी अंचल के रायपुर ग्राम में कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया है। इसको लेकर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कोटवाड़ा निवासी रमेश बारेला गांव में पास्टर बनकर आया था। आरोप है कि रमेश अपने साथियों नवल सिंह और दशरथ लोहार के साथ मिलकर भोले-भाले आदिवासी परिवारों को बीमारी ठीक करने, भूत-प्रेत भगाने और परेशानियां दूर करने का झांसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। आरोपियों द्वारा लोगों से प्रभु यीशु की प्रार्थना करने को कहा जाता था। मामले में पिपलोद थाना पुलिस ने रमेश बारेला, नवल सिंह और दशरथ लोहार के खिलाफ धर्मांतरण कराने का केस दर्ज किया है। वहीं, इस दौरान ग्रामीणों द्वारा पास्टर रमेश के साथ मारपीट किए जाने की भी शिकायत सामने आई है। इस मामले में दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट और एट्रोसिटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। पिपलोद थाना प्रभारी एसएन पांडेय के अनुसार, रायपुर ग्राम निवासी नवल सिंह पिता दमड़िया की शिकायत पर गांव के किशोर पिता संतोष, पवन पिता बाच्या और उसके भाई भारत के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, धमकाने और एट्रोसिटी एक्ट सहित कुल आठ धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने नवल सिंह, उसके परिजन और रमेश बारेला के खिलाफ आदिवासी परिवारों को झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत की थी। पढ़ें:कट्टे की नोक पर दंपती से लूट, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया; शादी में जाने के दौरान हुआ था हादसा धर्मांतरण की सूचना मिलने पर खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं। रविवार को पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। टीआई के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कुछ आदिवासी परिवारों का धर्म परिवर्तन कराया जाना सामने आया है, जिस पर गांव के विजय की शिकायत पर रमेश बारेला, नवल सिंह और दशरथ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि नवल सिंह के घर पर प्रार्थना सभा की तैयारी चल रही थी, जिसमें हाल ही में ईसाई बने कुछ परिवार भी शामिल थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और विवाद बढ़ गया। मारपीट में रमेश बारेला घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि रमेश और उसके साथी पहले स्वयं धर्म परिवर्तन कर चुके थे और अब गांव के अन्य आदिवासी परिवारों को पैसे, नौकरी और शादी कराने का लालच देकर ईसाई बना रहे थे। इस पूरे मामले में खंडवा प्रभारी एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि रायपुर ग्राम में बाहरी लोगों द्वारा बार-बार आकर धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां जांच के बाद तीन लोगों के खिलाफ धर्मांतरण के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
#CityStates #Crime #Khandwa #MadhyaPradesh #KhandwaNews #KhandwaHindiNews #KhandwaViralNews #KhandwaLatestNews #MpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 18:18 IST
MP News: खंडवा के आदिवासी गांव में धर्मांतरण का आरोप, दो पक्षों में विवाद के बाद तीन पर केस दर्ज #CityStates #Crime #Khandwa #MadhyaPradesh #KhandwaNews #KhandwaHindiNews #KhandwaViralNews #KhandwaLatestNews #MpNews #VaranasiLiveNews
