RE-NEET UG 2026: राजस्थान के 25 जिलों में परीक्षा आज, लीक रोकने के लिए BSF-CRPF तैनात; ड्रोन से पहरा
मेडिकल प्रवेश परीक्षा RE-NEET UG 2026 रविवार को राजस्थान के 25 जिलों में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जा रही है। प्रदेशभर के 577 परीक्षा केंद्रों पर करीब 2.09 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। पिछले वर्ष सामने आए पेपर लीक विवाद के बाद इस बार परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक मजबूत किया गया है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई से लेकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी तक हर स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है। सुबह से शुरू हुई प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई परीक्षा से पहले सुबह 9 बजे बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम से प्रश्नपत्रों को सुरक्षा घेरे में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन का दावा है कि पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बहुस्तरीय निगरानी तंत्र लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। बायोमेट्रिक सत्यापन में तकनीकी समस्या आने की स्थिति में अभ्यर्थियों से अंडरटेकिंग फॉर्म भरवाकर प्रवेश दिया जाएगा। सीसीटीवी और जैमर की निगरानी में होगी परीक्षा सभी 577 परीक्षा केंद्रों पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे और अत्याधुनिक जैमर लगाए गए हैं। जैमर सक्रिय होने के कारण परीक्षा केंद्रों के आसपास करीब 50 मीटर तक मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कंट्रोल रूम से भी की जाएगी, जहां से अधिकारियों की टीम पूरे दिन गतिविधियों पर नजर रखेगी। जयपुर, कोटा और सीकर पर विशेष फोकस राजस्थान में जयपुर, कोटा और सीकर को संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की श्रेणी में रखा गया है। इन शहरों में विशेष निगरानी टीमें तैनात की गई हैं। खुफिया एजेंसियां और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) लगातार गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों में 70 से अधिक लोगों से पूछताछ भी की गई है। ये भी पढ़ें-जिस पिस्टल से हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या:उसका सप्लायर गिरफ्तार; गोल्डी-गोदारा गैंग से क्या है कनेक्शन जिलों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम सीकर जिले में 91 परीक्षा केंद्रों पर 27,106 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यहां प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए 182 बीएसएफ जवान तैनात किए गए हैं। अजमेर में 15 परीक्षा केंद्रों पर 6,231 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 300 से अधिक पुलिसकर्मी, चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आठ सीओ और 18 सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्रोन कैमरों के जरिए भी निगरानी की जा रही है। वहीं, कोटा में परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और अनावश्यक भीड़ जुटाने पर रोक लगाई गई है। निष्पक्ष परीक्षा की उम्मीद कोटा में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी प्रभाष ने कहा कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक सख्त दिखाई दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी। पेपर लीक की आशंकाओं और पूर्व विवादों को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे दिन परीक्षा प्रक्रिया पर नजर बनाए रखेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 8764514102 भी जारी किया गया है।
#CityStates #Jaipur #Rajasthan #Re-neet2026 #NeetUgExamRajasthan #RajasthanNeetExam #BsfSecurity #CrpfDeployment #NeetPaperLeakPrevention #JaipurExamCenters #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 12:00 IST
RE-NEET UG 2026: राजस्थान के 25 जिलों में परीक्षा आज, लीक रोकने के लिए BSF-CRPF तैनात; ड्रोन से पहरा #CityStates #Jaipur #Rajasthan #Re-neet2026 #NeetUgExamRajasthan #RajasthanNeetExam #BsfSecurity #CrpfDeployment #NeetPaperLeakPrevention #JaipurExamCenters #VaranasiLiveNews
