रामगढ़ताल : तिरंगे के पास धमाका, ताल में कूदे लोग... कुछ ही मिनटों में मिली राहत
-मॉकड्रिल: बम विस्फोट की सूचना मिलते ही मची अफरातफरी, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा- नौका विहार में मल्टी हैजार्ड मॉकड्रिल में परखी राहत एवं बचाव कार्यों की हकीकतगोरखपुर। रामगढ़ताल स्थित नौका विहार में बृहस्पतिवार पूर्वाहन 11 बजे अचानक अफरातफरी मच गई। बड़े तिरंगे के पास पार्किंग में बम विस्फोट की सूचना कंट्रोल रूम पहुंचते ही पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, अग्निशमन और अन्य राहत एजेंसियां सक्रिय हो गईं। देखते ही देखते घटनास्थल पर बैरिकेडिंग, राहत-बचाव और घायलों को सुरक्षित निकालने का सिलसिला शुरू हो गया। यह पूरा घटनाक्रम मल्टी हैजार्ड मॉकड्रिल का हिस्सा था। इसमें आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा गया।बम विस्फोट की सूचना मिलते ही जिले में इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) लागू किया गया। इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और आपदा कंट्रोल रूम से संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ पहुंची और आग पर नियंत्रण की कार्रवाई शुरू की। घायलों की संख्या अधिक होने की स्थिति को देखते हुए एम्स के पास उपलब्ध भीष्म क्यूब को मौके पर पहुंचाने की तैयारी की गई। बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह परिसर में फील्ड हॉस्पिटल तैयार किया गया। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीम ने क्रेन समेत आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए। उधर, पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड को लगाया। घबराए कुछ लोगों के रामगढ़ताल में कूदने का भी मॉकड्रिल किया गया।एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और 26वीं वाहिनी पीएसी के बाढ़ दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बम स्क्वाड ने मौके से मिले दो अतिरिक्त बम को डिफ्यूज किया। स्वास्थ्य विभाग और एम्स की टीम ने घायलों की मार्किंग कर उन्हें एंबुलेंस से भीष्म फील्ड हॉस्पिटल भेजा। यातायात पुलिस ने राहत एजेंसियों के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया। सही सूचना देने और अफवाहों पर रोक के लिए फील्ड हॉस्पिटल के पास हेल्प डेस्क बनाया गया। मॉकड्रिल में एम्स के जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता, डॉ. अरुण, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश, एफएसओ शांतनु कुमार, एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर दीपक मंडल, एसडीआरएफ के कंपनी कमांडर सुशील कुमार, पीएसी के प्लाटून कमांडर विद्यानंद, नागरिक सुरक्षा के ध्यान चंद्र आदि मौजूद रहे।
#RamgarhTal:ExplosionNearTheTricolour;PeopleJumpIntoTheLake...ReliefFollowsWithinMinutes. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 03:05 IST
रामगढ़ताल : तिरंगे के पास धमाका, ताल में कूदे लोग... कुछ ही मिनटों में मिली राहत #RamgarhTal:ExplosionNearTheTricolour;PeopleJumpIntoTheLake...ReliefFollowsWithinMinutes. #VaranasiLiveNews
